सूरजपुर

एनएच पर बर्थडे मनाकर यातायात बाधित, दो और आरोपी गिरफ्तार
25-Feb-2026 10:33 PM
एनएच पर बर्थडे मनाकर यातायात बाधित, दो और आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 25 फरवरी। अम्बिकापुर-बनारस अंतर्राज्यीय मार्ग पर सोनवाही स्थित आरव रेस्टोरेंट के सामने सडक़ पर वाहन खड़ा कर जन्मदिन मनाने और आतिशबाजी कर यातायात बाधित करने के मामले में चौकी लटोरी पुलिस ने दो और फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

विदित हो कि 16 फरवरी की रात अमितेश गुप्ता व उसके साथियों द्वारा लोक मार्ग पर वाहन खड़े कर बर्थडे सेलिब्रेशन करते हुए आतिशबाजी की गई थी, जिससे एनएच पर आवागमन प्रभावित हुआ था। मामले में लटोरी पुलिस ने अपराध क्रमांक 54/2026 के तहत धारा 285, 126(2), 287, 288 बीएनएस तथा मोटरयान अधिनियम की धारा 184, 201 के तहत कार्रवाई करते हुए 20 फरवरी को सात आरोपियों—अमितेश गुप्ता, अंशुल अग्रवाल, प्रथम अग्रवाल, शुभम अग्रवाल, महेश साहू, निखिल रामा एवं अरुण देवांगन को गिरफ्तार कर  शहर में पैदल जुलूस निकाल न्यायालय पेश किया था।

मामले में अभिषेक और अनमोल फरार चल रहे थे। एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर फरार आरोपियों की तलाश तेज की गई। विवेचना के दौरान मिली सूचना के आधार पर चौकी लटोरी पुलिस ने अभिषेक गुप्ता निवासी केनापारा बिश्रामपुर  और अनमोल चौधरी अम्बिकापुर को दबिश देकर पकड़ लिया।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक इनोवा एवं एक किया कार जब्त की है। दोनों को 24 फरवरी को गिरफ्तार कर आज न्यायालय पेश किया है।


अन्य पोस्ट