सूरजपुर
सूरजपुर, 24 फरवरी। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा मंगलवार को पारित बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा नेता एवं पूर्व भाजपा जिला उपाध्यक्ष अनूप सिन्हा ने कहा कि राज्य शासन ने प्रदेश के सभी वर्गों को ध्यान में रखते हुए समावेशी और जनकल्याणकारी बजट प्रस्तुत किया है। यह बजट विकासोन्मुख होने के साथ-साथ किसान, मजदूर, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर विशेष फोकस करता है।
उन्होंने कहा कि सूरजपुर जिले के लिए बजट में महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं। जिले में मूकबधिर विद्यालय की स्थापना तथा आस्था के प्रमुख केंद्र मां बागेश्वरी धाम कुदरगढ़ के विकास हेतु राशि का प्रावधान सराहनीय कदम है। इससे क्षेत्र के शैक्षणिक और धार्मिक पर्यटन विकास को गति मिलेगी।
अनूप सिन्हा ने आगे कहा कि संभाग के लिए जशपुर और मनेंद्रगढ़ में दो नए मेडिकल कॉलेजों की घोषणा तथा अनेक ब्लॉक मुख्यालयों में डायलिसिस केंद्र खोलने का निर्णय बड़ी सौगात है। इससे आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी और दूर-दराज के लोगों को इलाज के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
उन्होंने राज्य सरकार के इस बजट को प्रदेश के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।उन्होंने प्रदेश वासियों के हित में समावेशी बजट पेश करने पर प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और वित मंत्री ओपी चौधरी का आभार व्यक्त किया है।


