सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 24 फरवरी। शासकीय नवीन कन्या महाविद्यालय, सूरजपुर की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई की छात्रा साक्षी गुप्ता ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले और महाविद्यालय का नाम रोशन किया है। गुजरात विश्वविद्यालय, अहमदाबाद में आयोजित राष्ट्रीय एकता शिविर में उन्होंने छत्तीसगढ़ राज्य का प्रतिनिधित्व करते हुए भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
भारत सरकार के युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय के तत्वावधान में 4 से 10 फरवरी तक आयोजित इस शिविर में देशभर के 10 राज्यों एवं विभिन्न विश्वविद्यालयों के एनएसएस के स्वयंसेवकों ने भाग लिया।
शिविर का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक समन्वय और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देना था। साक्षी ने संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय, अंबिकापुर की टीम के साथ इस प्रतिष्ठित आयोजन में सहभागिता की।
शिविर के दौरान आयोजित रैली में छत्तीसगढ़ की टीम ने पारंपरिक वेशभूषा और आभूषणों के माध्यम से राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की आकर्षक प्रस्तुति दी। उल्लेखनीय है कि शिविर में आयोजित चार प्रतियोगिताओं में से तीन में छत्तीसगढ़ की टीम ने स्थान प्राप्त कर राज्य की प्रतिभा का परचम लहराया।
महाविद्यालय के प्राचार्य बृजलाल साहू एवं एवं एनएसएस के कार्यक्रम अधिकारी पूजांजलि भगत ने साक्षी गुप्ता को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए इसे महाविद्यालय के लिए गौरव का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि साक्षी की सफलता अन्य छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत है और एनएसएस जैसे मंच युवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सशक्त अवसर प्रदान करते हैं।


