सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 23 फरवरी। एसईसीएल बिश्रामपुर क्षेत्र की आमगांव खुली खदान परियोजना में कोयला उत्खनन हेतु अधिग्रहित पटना गांव के भू-स्वामियों को कंपनी प्रबंधन द्वारा नियोजन प्रक्रिया के तहत नौकरी प्रदान की जा रही है। इसी क्रम में सोमवार 23 फरवरी को महाप्रबंधक कार्यालय के सभा कक्ष में चार भू-स्वामियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।
पटना ग्राम की सरपंच विमला सिंह मरावी की उपस्थिति में क्षेत्रीय महाप्रबंधक डॉ. संजय सिंह , महाप्रबंधक (संचालन) जी.के. रॉय की उपस्थिति में भू स्वामी रामनारायण सिंह आत्मज रूपन सिंह, ईश्वर प्रसाद सिंह आत्मज रूपन राम, जागेश्वर प्रसाद आत्मज भोला प्रसाद एवं संदीप कुमार आत्मज नयन साय को नियोजन पत्र प्रदान किया।इसके अतिरिक्त पांच अन्य भू-स्वामियों—किस्मतिया सिंह (आत्मज धन साय), शिवनाथ सिंह (आत्मज रामप्रसाद), इतवार साय (आत्मज बीरबल राम), संदीप कुमार साहू (आत्मज राधेश्याम) एवं संतोष साहू (आत्मज राधेश्याम)—को नियोजन पूर्व चिकित्सीय परीक्षण के लिए बुलाया गया है।
महाप्रबंधक संचालन जी.के. रॉय ने नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले ग्रामीणों को कंपनी में निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया। बताया गया कि आमगांव खदान के विस्तार के अंतर्गत पटना गांव की भूमि अधिग्रहण के एवज में कुल 464 भू-स्वामियों को रोजगार दिया जाना प्रस्तावित है, जिनमें से अब तक 165 रोजगार की स्वीकृति कंपनी मुख्यालय से प्राप्त हो चुकी है। नियोजन पत्र वितरण कार्यक्रम के दौरान सर्वे अधिकारी वी.सी. चतुर्वेदी, भू-राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं लाभार्थी उपस्थित रहे।


