सूरजपुर
सूरजपुर, 19 फरवरी। अंबिकापुर बनारस मार्ग में आधा दर्जन युवकों द्वारा अंतर्राज्यीय मार्ग पर जन्मदिन मनाने का मामला वायरल वीडियो में सामने आया है। वायरल वीडियो के आधार पर लटोरी पुलिस ने अंबिकापुर निवासी अंशुल अग्रवाल एवं अमितेश गुप्ता सहित आधा दर्जन युवकों के खिलाफ बीएनएस की धाराओं 285,126(2)के तहत केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है। घटना 16 फरवरी के देर शाम सोनवाही नारायणपुर बस्ती आरव रेस्टोरेंट के सामने की बताई गई है।
बताया जाता है कि युवकों ने जन्मदिन मनाने युवकों ने बीच सडक़ में कार खड़ी कर कार के बोनट पर केक काटा और जमकर आतिशबाजी के साथ हुल्लड़ बाजी कर उपद्रव मचाया, जिससे स्टेट हाइवे में करीब बीस मिनट तक जाम की स्थिति निर्मित हो गई इस दौरान अंतरराज्यीय मार्ग में दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और जाम की स्थिति निर्मित हो गई। मामले का वीडियो बुधवार को वायरल होने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया जाता है कि युवकों के इस कारनामे के कारण उत्पन्न सडक़ जाम में एम्बुलेंस बीस मिनट तक फंसी रही। सूरजपुर एसडीओपी अभिषेक पैकरा ने बताया कि पुलिस ने दो नामजद सहित आधा दर्जन युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर आरोपियों की पता साजी में जुटी है।


