सूरजपुर

सीबीएसई गणित परीक्षा के प्रश्नपत्र वितरण में त्रुटि, परीक्षा देरी से शुरू
17-Feb-2026 10:34 PM
सीबीएसई गणित परीक्षा के प्रश्नपत्र वितरण में त्रुटि, परीक्षा देरी से शुरू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 17 फरवरी। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की कक्षा 10वीं की गणित परीक्षा के पहले दिन जिला मुख्यालय स्थित डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, तिलसिवा केंद्र में प्रश्नपत्र वितरण को लेकर त्रुटि सामने आई।

मंगलवार को आयोजित गणित परीक्षा में विद्यार्थियों के लिए स्टैंडर्ड और बेसिक दो प्रकार के प्रश्नपत्र निर्धारित होते हैं। जानकारी के अनुसार, केंद्र पर मौजूद 183 विद्यार्थियों को प्रारंभ में स्टैंडर्ड प्रश्नपत्र वितरित कर दिए गए। विद्यार्थियों द्वारा आपत्ति जताने के बाद प्रश्नपत्र वापस ले लिए गए।

घटना की सूचना जिला प्रशासन और सीबीएसई के संबंधित अधिकारियों को दी गई। इसके बाद संभाग मुख्यालय से बेसिक प्रश्नपत्र मंगाए गए। केंद्र प्रबंधन के अनुसार, वैकल्पिक प्रश्नपत्र उपलब्ध होने के बाद परीक्षा शुरू कराई गई। इस दौरान विद्यार्थियों को अतिरिक्त समय दिया गया।

बताया गया है कि केंद्र पर डीएवी पब्लिक स्कूल बिश्रामपुर और साधु राम विद्या मंदिर सहित कुल 183 विद्यार्थी परीक्षा दे रहे थे। इनमें से लगभग 42 विद्यार्थियों ने स्टैंडर्ड गणित का विकल्प चुना था, जबकि शेष ने बेसिक गणित का।

केंद्राध्यक्ष विधु शर्मा ने कहा कि प्रश्नपत्रों के बंडल खोलने पर सभी प्रश्नपत्र स्टैंडर्ड पाए गए, जिसकी सूचना तत्काल उच्च अधिकारियों को दी गई। उनके मार्गदर्शन में आगे की व्यवस्था की गई।

घटना के बाद अभिभावकों ने मामले की जांच और जिम्मेदारी तय करने की मांग की है। प्रशासन की ओर से औपचारिक जांच संबंधी जानकारी समाचार लिखे जाने तक प्राप्त नहीं हुई है।


अन्य पोस्ट