सूरजपुर

रेलवे में नौकरी के नाम पर ठगी का फरार आरोपी गिरफ्तार
17-Feb-2026 10:34 PM
रेलवे में नौकरी के नाम पर ठगी का फरार आरोपी गिरफ्तार

 एक आरोपी पहले पकड़ा जा चुका है

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर,17 फरवरी। रेलवे विभाग में भृत्य (चपरासी) के पद पर नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले फरार आरोपी को  जयनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इससे पूर्व मामले के एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम आमगांव निवासी बालरूप सिंह ने 4 मई 2025 को थाना जयनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि सितंबर 2023 में उसके परिचित अज्जू सिंह निवासी ठाकुरपुर थाना गांधीनगर ने रेलवे में नौकरी लगाने के नाम पर उससे 2 लाख 38 हजार 600 रुपये लिए थे। नौकरी नहीं लगने पर 70 हजार रुपये वापस किए गए, जबकि शेष राशि नहीं लौटाई गई। प्रार्थी की शिकायत पर थाना जयनगर में धारा 420, 34 भादवि के तहत मामला पंजीबद्ध किया था।

मामले में 6 मई 2025 को आरोपी अज्जू सिंह को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में उसने अपने सहयोगी सुदामा दास के साथ मिलकर प्रार्थी एवं उसके भाई से विभिन्न माध्यमों से कुल 2,38,600 रुपये लेने की बात स्वीकार की थी। इसके बाद से सहआरोपी सुदामा दास फरार चल रहा था।

 एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर द्वारा लंबित मामलों की समीक्षा कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में थाना जयनगर पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी थी। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने सुदामा दास निवासी मरौल बरडीपा टोला थाना बगीचा जिला जशपुर को गिरफ्तार कर लिया।

 पूछताछ में उसने अज्जू सिंह के साथ मिलकर धोखाधड़ी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी को आज गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।


अन्य पोस्ट