सूरजपुर

खदान में भूख हड़ताल की चेतावनी, कोयला चोरी जांच में निष्पक्षता की मांग
17-Feb-2026 10:33 PM
खदान में भूख हड़ताल की चेतावनी,  कोयला चोरी जांच में निष्पक्षता की मांग

संयुक्त मोर्चा ने एसएसपी को सौंपा ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर,17 फरवरी। जगन्नाथपुर ओसीएम में कथित कोयला चोरी प्रकरण में कुछ कर्मचारियों पर की गई कथित एकतरफा कार्रवाई के विरोध में संयुक्त मोर्चा भटगांव क्षेत्र ने एसएसपी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा है। प्रतिनिधिमंडल ने सूरजपुर एसएसपी प्रशांत ठाकुर से मिलकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा निर्दोष कर्मचारियों पर हो रही कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।

संयुक्त मोर्चा के पदाधिकारियों ने कहा कि बिना ठोस प्रमाण के कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है, जिससे खदान क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। उनका कहना है कि यदि शीघ्र ही निष्पक्ष जांच कर निर्दोष कर्मचारियों को राहत नहीं दी गई, तो खदान परिसर में भूख हड़ताल या घेराव जैसे आंदोलनात्मक कदम उठाए जाएंगे।

प्रतिनिधिमंडल ने यह भी मांग की कि खदान क्षेत्र में बाहरी तत्वों द्वारा लिफ्टर के माध्यम से अवैध प्रवेश कर उत्पात मचाने की घटनाओं पर रोक लगाई जाए, ताकि कर्मचारी सुरक्षित और निर्भीक वातावरण में कार्य कर सकें।

इस पर डीआईजी प्रशांत ठाकुर ने आश्वस्त किया कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति के विरुद्ध अन्यायपूर्ण कार्रवाई नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच के बाद ही दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा निर्दोष कर्मचारियों को हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान संयुक्त मोर्चा भटगांव क्षेत्र के पदाधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। मामले को लेकर खदान क्षेत्र में चर्चा और हलचल बनी हुई है।


अन्य पोस्ट