सूरजपुर
राजभाषा आयोग अध्यक्ष पहुंचे शासकीय कन्या महाविद्यालय
सूरजपुर,17 फरवरी। छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के नवनियुक्त अध्यक्ष प्रभात मिश्रा एक दिवसीय दौरे पर शासकीय कन्या महाविद्यालय, सूरजपुर पहुंचे। इस अवसर पर शासकीय रेवती रमण स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एच.एन. दुबे, शासकीय कन्या महाविद्यालय के प्राचार्य बृजलाल साहू, राजभाषा आयोग के जिला समन्वयक डॉ. मोहन साहू सहित महाविद्यालय के अधिकारी-कर्मचारियों एवं छात्राओं ने गुलदस्ता भेंट कर उनका स्वागत एवं सम्मान किया।
महाविद्यालय में छत्तीसगढ़ी और सरगुजिया बोली के संरक्षण एवं संवर्धन विषय पर बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्य द्वारा अध्यक्ष का परिचय कराते हुए की गई। अपने संबोधन में श्री मिश्रा ने कहा कि आदिम एवं लोक बोलियों के संरक्षण का कार्य डिजिटल युग में और भी महत्वपूर्ण हो गया है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ी को संवैधानिक मान्यता दिलाने, छत्तीसगढ़ी फिल्म और संगीत उद्योग को सशक्त करने तथा राज्य में भाषा के व्यापक उपयोग को बढ़ावा देने के लिए आयोग प्राथमिक विद्यालय से लेकर महाविद्यालय स्तर तक व्यापक जनजागरण अभियान चलाएगा।
उन्होंने बताया कि साहित्य प्रकाशन, कार्यशालाओं और संगोष्ठियों के माध्यम से तथा शासन-प्रशासन के कार्य व्यवहार में छत्तीसगढ़ी भाषा के प्रयोग को बढ़ाने के लिए निरंतर प्रशिक्षण दिया जाएगा। आयोग द्वारा तैयार छत्तीसगढ़ी शब्दकोश को जन-जन तक पहुंचाने और अध्ययन-अध्यापन को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न स्तरों पर संगोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा।
अध्यक्ष ने छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे महाविद्यालयीन पाठ्यक्रमों में छत्तीसगढ़ी से जुड़े विषयों को शामिल कराने की पहल करें तथा घर-परिवार और गांव-गली की बोली को दैनिक जीवन में बनाए रखें। उन्होंने कहा कि जनमानस की सक्रिय भागीदारी से ही भाषा को व्यवहार में स्थान मिल सकेगा।
कार्यक्रम में डॉ. अखिलेश पाण्डेय, डॉ. विनोद साहू, डॉ. सलीम किस्पोट्टा, पुनीत गुप्ता सहित महाविद्यालय के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


