सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर/विश्रामपुर,15 फरवरी। एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) हरीश दुहन ने बिश्रामपुर प्रवास के दौरान आमगांव एवं अमेरा खदान का निरीक्षण कर कोयला उत्पादन एवं डिस्पैच की समीक्षा की। बैकुंठपुर में आयोजित अखिल भारतीय फुटबॉल प्रतियोगिता में शामिल होने के बाद वे सीधे बिश्रामपुर पहुंचे, जहां स्थानीय विश्राम गृह में विभाग प्रमुखों की बैठक लेकर चालू वित्तीय वर्ष के लक्ष्य की प्रगति पर चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को वित्तीय वर्ष समाप्ति से पूर्व उत्पादन बढ़ाने के निर्देश दिए।
रविवार सुबह सीएमडी आमगांव खदान पहुंचे, जहां फेस एवं पंपिंग कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने अगले वर्ष दो मिलियन टन उत्पादन के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कागजी प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ करने को कहा। इसके बाद अमेरा खदान का दौरा कर सुरक्षा मानकों के साथ उत्पादन में तेजी लाने पर जोर दिया।
प्रवास के दौरान सीएमडी ने कलेक्टर एस. जयवर्धन एवं जिला पंचायत सीईओ से मुलाकात कर केंद्रीय कोयला मंत्री जी. किशन रेड्डी के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों एवं सामाजिक विकास कार्यों में सहयोग पर चर्चा की। उन्होंने केनापारा पर्यटन स्थल का निरीक्षण कर स्व-सहायता समूह की महिलाओं से भी संवाद किया।
इसके पश्चात वे अंबिकापुर पहुंचे, जहां कमिश्नर नरेंद्र दुग्गा एवं आईजी दीपक झा से मुलाकात कर आगामी खदान परियोजनाओं को लेकर सहयोग का आग्रह किया। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय महाप्रबंधक डॉ. संजय सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


