सूरजपुर

जिला स्तरीय सरगुजा ओलंपिक, 2 हजार से अधिक खिलाडिय़ों ने दिखाया दमखम
14-Feb-2026 11:08 PM
जिला स्तरीय सरगुजा ओलंपिक, 2 हजार से अधिक खिलाडिय़ों ने दिखाया दमखम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर,14 फरवरी। शासकीय आदर्श बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के स्टेडियम ग्राउंड में आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय सरगुजा ओलंपिक का आज उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हुआ। जिले के सभी विकासखंडों से पहुंचे खिलाडिय़ों ने विभिन्न खेल विधाओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

समापन दिवस पर सीनियर वर्ग के 1189 प्रतिभागियों ने मैदान में दमखम दिखाया, जबकि 12 फरवरी को आयोजित जूनियर वर्ग में 1068 खिलाडिय़ों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई थी। दो दिनों तक चले इस खेल महाकुंभ में ऊर्जा, उत्साह और खेल भावना का अनूठा संगम देखने को मिला।

समापन समारोह में पाठ्य पुस्तक निगम के पूर्व अध्यक्ष एवं जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष  भीमसेन अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाडिय़ों को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले दो दिनों में मैदान पर जो जोश और जुनून देखने को मिला, वह सराहनीय है। उन्होंने कहा कि खेल में जीत-हार से अधिक महत्वपूर्ण भागीदारी और खेल भावना होती है। सभी प्रतिभागी अपने आप में विजेता हैं।

कलेक्टर  एस. जयवर्धन ने अपने संबोधन में कहा कि जब किसी जिले के मैदान खिलाडिय़ों से भरे हों, तो वह जिला स्वस्थ, ऊर्जावान और प्रगतिशील माना जाता है। खेल अनुशासन, टीम भावना और संघर्ष की सीख देता है। उन्होंने कहा कि जिले में प्रतिभाओं की कमी नहीं है और सरगुजा ओलंपिक युवाओं को मंच देने का एक सशक्त प्रयास है।

जिला खेल अधिकारी  आरती पाण्डे ने बताया कि सीनियर वर्ग में 17 वर्ष से अधिक आयु के महिला एवं पुरुष खिलाडिय़ों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में 12 खेल विधाएं शामिल रहीं, जिनमें एथलेटिक्स, तीरंदाजी, बैडमिंटन, फुटबॉल, हॉकी, कुश्ती, कराटे, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल एवं रस्साकस्सी प्रमुख रहे। एथलेटिक्स के अंतर्गत 100, 200, 400 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो, जैवलिन थ्रो और रिले रेस में खिलाडिय़ों ने शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त खिलाडिय़ों को पुरस्कार राशि एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। जूनियर एवं सीनियर वर्ग के विजेता अब संभाग स्तर पर सरगुजा में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

इस अवसर पर एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर,  मुकेश गर्ग, मुरली मनोहर सोनी, अजय गोयल,  शशिकांत गर्ग, श्री संदीप अग्रवाल, नीरज गुप्ता, कृष्ण कुमार गोयल सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट