सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर,14 फरवरी। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के महोरा गांव में नाबालिग की हत्या में पुलिस ने उसके ही चचेरे भाई को गिरफ्तार कर लिया है। जमीन बंटवारे के विवाद को लेकर आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 11 फरवरी की शाम करीब 5 बजे प्रार्थी मंगलूराम पण्डो के बड़े बेटे लालसाय (14 वर्ष) के मोबाइल से उसके मामा मंगलसाय के मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर बताया कि लालसाय की हत्या हो गई है और उसका शव गहुआ भादा जंगल में पड़ा है। सूचना मिलने पर परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन अंधेरा होने के कारण खोजबीन अधूरी रही।
अगले दिन 12 फरवरी को ग्रामीणों के साथ दोबारा तलाश की गई, जहां गहुआ भादा जंगल से पुल भादा की ओर जाने वाली पगडंडी के किनारे लालसाय का शव मिला। उसके गले पर गंभीर चोट के निशान थे। परिजनों ने जमीन बंटवारे को लेकर बड़े भाई से विवाद की आशंका जताई। मामले में मर्ग कायम कर पुलिस जांच में जुटी थी। विवेचना के दौरान पुलिस ने संदेही देवसाय पण्डो उर्फ देवान निवासी महोरा, खेखरानाला को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि जमीन विवाद के कारण वह लालसाय और उसके पिता से रंजिश रखता था। 11 फरवरी को उसने लालसाय को अपने निर्माणाधीन मकान के पास बुलाया और विवाद के बाद उसे पुल भादा जंगल ले जाकर टांगी से गले पर वार कर दिया। घायल अवस्था में भागने पर उसने दोबारा गहुआ भादा में पकडक़र फिर से गले पर प्रहार किया, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपी ने घटना के बाद मृतक के मोबाइल से उसके मामा को फोन कर गुमराह किया और मोबाइल व सिम झाडिय़ों में फेंक दिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतक का की-पैड मोबाइल, टूटा सिम, बैटरी और घटना में प्रयुक्त टांगी बरामद कर ली है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।


