सूरजपुर

पांच शिक्षकों की वेतन वृद्धि रोकी गई, प्रतापुर बीईओ को दी अंतिम चेतावनी
11-Feb-2026 10:59 PM
पांच शिक्षकों की वेतन वृद्धि रोकी गई, प्रतापुर बीईओ को दी अंतिम चेतावनी

सूरजपुर,11 फरवरी। शासकीय प्राथमिक शाला बांसदेवपुर, संकुल दवनकरा, विकासखंड प्रतापपुर में बच्चों से झाड़ू लगवाने एवं शौचालय सफाई कराने का वीडियो वायरल होने के मामले में जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। कलेक्टर एस. जयवर्धन के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी अजय मिश्रा ने जांच के बाद संबंधित अधिकारियों पर दंडात्मक कार्रवाई की।

विकासखंड शिक्षा अधिकारी प्रतापपुर मुन्नू सिंह धुर्वे को जारी स्पष्टीकरण का जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने पर उन्हें अंतिम चेतावनी दी गई है। साथ ही विकासखंड के सभी विद्यालयों का निरीक्षण प्रतिवेदन प्रत्येक सप्ताह के अंतिम कार्य दिवस पर जिला कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

जनशिक्षक संकुल केंद्र दवनसरा के कामेश्वर सिंह की एक वार्षिक वेतन वृद्धि असंचयी प्रभाव से रोकी गई है। वहीं शासकीय प्राथमिक शाला बांसदेवपुर के प्रधान पाठक राकेश कुमार गुप्ता एवं सहायक शिक्षक प्रदीप कुमार सिंह की दो-दो वार्षिक वेतन वृद्धि असंचयी प्रभाव से अवरुद्ध करने के आदेश जारी किए गए हैं।

इसी क्रम में संकुल केंद्र बोंगा अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला सरईडांड के निरीक्षण में प्रधान पाठक जवाहर लाल एवं सहायक शिक्षक रोशनलाल उरांव के शराब सेवन कर विद्यालय में उपस्थित पाए जाने पर दोनों की दो-दो वार्षिक वेतन वृद्धि रोकने की कार्रवाई की गई है।

डीईओ ने स्पष्ट किया है कि विद्यालयों में बच्चों के अधिकारों से किसी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसी शिकायतों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट