सूरजपुर
पुलिस ने आधा दर्जन गाडिय़ां की जब्त
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 9 फरवरी। नगर में संचालित डीएवी विद्यालय में सोमवार को आयोजित कक्षा 12वीं के फेयरवेल कार्यक्रम के दौरान कुछ छात्रों द्वारा चारपहिया वाहनों से स्टंटबाजी एवं हूटर बजाकर रैली निकालने का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर बिश्रामपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आधा दर्जन वाहनों को जब्त कर लिया।
जानकारी के अनुसार फेयरवेल कार्यक्रम में शामिल होने कुछ छात्र विद्यालय प्रबंधन के स्पष्ट निर्देशों को नजरअंदाज करते हुए चारपहिया वाहनों से विद्यालय पहुंचे थे। कार्यक्रम के समापन के बाद इन्हीं छात्रों द्वारा विद्यालय से कॉलोनी तक चारपहिया वाहनों की रैली निकाली गई, जिसमें महंगे वाहनों में लगे विशेष हॉर्न (हूटर) बजाए गए और स्टंटबाजी की गई।
इस दौरान किसी नागरिक ने बिश्रामपुर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस को देख कई वाहन चालक फरार हो गए, जबकि पुलिस ने मौके से आधा दर्जन वाहनों को रोककर थाने ले जाकर कार्रवाई शुरू की।
बताया गया कि डीएवी विद्यालय प्रबंधन द्वारा फेयरवेल कार्यक्रम से पूर्व ही अभिभावकों के मोबाइल पर विशेष दिशा-निर्देश भेजे गए थे, जिसमें छात्रों को वाहनों से विद्यालय न भेजने, किसी भी प्रकार की हूटिंग, हुड़दंग एवं अनुशासनहीनता से दूर रहने की स्पष्ट अपील की गई थी। बावजूद इसके कुछ शरारती एवं उदंड प्रवृत्ति के छात्रों ने पूर्व नियोजित तरीके से हूटर लगे वाहनों की रैली निकालकर नियमों का उल्लंघन किया।
प्रभारी थाना प्रभारी विशुन देव पैकरा ने बताया कि मामले में संबंधित नाबालिग वाहन चालकों के अभिभावकों को तलब किया गया है तथा मोटर व्हीकल एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


