सूरजपुर

सडक़ हादसे में गंभीर युवक की मौत
01-Feb-2026 8:56 PM
सडक़ हादसे में गंभीर युवक की  मौत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 1 फरवरी। राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर केनापारा-तेलाईकछार के पास हुए सडक़ हादसे में गंभीर रूप से घायल बाइक सवार युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान राजेंद्र यादव (पिता रघुनंदन यादव), निवासी पचिरा के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 9.30 बजे हुंडई कार क्रमांक सीजी 29 एडी 3785 में सवार सुशील कुमार एवं सुंदर, निवासी हराटिकरा, अंबिकापुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पान मसाला कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत राजेंद्र यादव अपनी बाइक से घर लौट रहा था।

केनापारा में शेषमन साहू के घर के सामने तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद कार खड़ी बाइक से टकराते हुए जयप्रकाश साहू के मकान से जा भिड़ी, जिससे कार भी क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे में गंभीर रूप से घायल राजेंद्र को इलाज के लिए अंबिकापुर ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर उसका दाहिना पैर काटना पड़ा। उपचार के दौरान शनिवार को उसकी मौत हो गई, जिससे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।

निर्धन परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य खोने से परिजन गहरे सदमे में हैं। शनिवार को पोस्टमार्टम उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


अन्य पोस्ट