सूरजपुर

जंगल किनारे मिली महिला की लाश, हत्या की आशंका
31-Jan-2026 10:50 PM
जंगल किनारे मिली महिला की लाश, हत्या की आशंका

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर,31 जनवरी । जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मोरभंज डैम के पास जंगल में एक महिला की हत्या का मामला सामने आने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। जंगल किनारे पड़े शव को देखकर हर कोई सन्न रह गया। गर्दन पर धारदार हथियार से किए गए गहरे वार इस ओर इशारा कर रहे हैं कि हत्या बेहद बेरहमी से की गई है।

मृतिका की पहचान पिंकी सोलंकी ग्राम गांधीनगर शिल्पी, थाना गांधीनगर जिला सरगुजा के रूप में हुई है। पिंकी अपने पीछे 7 वर्षीय मासूम बेटी को छोड़ गई है।

बताया जा रहा है कि मृतिका की छोटी बहन रिंकी पाटिल ने जयनगर थाना पहुंचकर मर्ग सूचना दर्ज कराई। उसने बताया कि 29 जनवरी की दोपहर करीब 12.30 बजे पिंकी अपनी बेटी मंजू को उसके पास छोडक़र बाजार जा रही हूं, कहकर घर से निकली थी। देर शाम तक जब वह वापस नहीं लौटी तो परिजनों को चिंता हुई।

30 जनवरी को दोपहर करीब 3 बजे सूचना मिली कि मोरभंज डैम के पास जंगल में एक युवती का शव पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंचने पर परिजनों ने शव की पहचान पिंकी सोलंकी के रूप में की। शव जंगल किनारे पड़ा था और गर्दन पर गहरे जख्म के निशान साफ नजर आ रहे थे, जिससे प्रथम दृष्टया यह मामला धारदार हथियार से हत्या का प्रतीत हो रहा है।

 सूचक ने पुलिस को बताया कि पिंकी ने अपने पहले पति को छोडऩे के बाद पटना पंडोपारा निवासी हेमंत कुमार उर्फ गोलू से प्रेम विवाह किया था। दोनों पति-पत्नी के रूप में साथ रह रहे थे, लेकिन आपसी विवाद और झगड़ों के चलते रिश्तों में कड़वाहट आ गई। आए दिन के विवाद से परेशान होकर पिंकी अपनी बेटी को लेकर अलग किराए के मकान में रहने लगी थी।

परिजनों का आरोप है कि पति हेमंत उर्फ गोलू के साथ उसका विवाद लगातार बढ़ता जा रहा था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि इसी रंजिश में उसकी हत्या की गई।

परिजनों ने शक जताया कि पिंकी की हत्या उसके पति हेमंत कुमार उर्फ गोलू ने ही किसी धारदार हथियार से की है। घटना के बाद से संदिग्ध का व्यवहार और उसकी गतिविधियां भी संदेह के घेरे में बताई जा रही हैं। परिजनों की सूचना पर एसडीओपी अभिषेक पैकरा, जयनगर थाना प्रभारी निरीक्षक रूपेश कुंतल एक्का मौके पर पहुंचकर घटना स्थल पर  जांच की।

फिलहाल, पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। शनिवार को मृतिका के शव का पीएम कर बॉडी परिजनों को सौंप दी गई है।

टीआई जयनगर रूपेश कुंतल एक्का ने बताया कि पीएम रिपोर्ट का इंतजार है। उन्होंने बताया कि परिजनों के कथन के अनुसार मृतिका के दूसरे पति की तलाश सरगर्मी से की जा रही है। परिजनों ने हत्या में उसके दूसरे पति का हाथ होने की संभावना व्यक्त की है। प्रकरण की हर एंगल से जांच की जा रही है।


अन्य पोस्ट