सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 29 दिसंबर। जिला अध्यक्ष के चुनाव के बाद अलग-अलग खेमे में बंटे दिख रहे कार्यकर्ताओं को एकजुट करने प्रदेश के पूर्व सीएम भूपेश बघेल मंगलवार को सूरजपुर में आयोजित कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में शिरकत करेंगे।
पूर्व सीएम बघेल सोमवार शाम अंबिकापुर पहुंचेंगे। अंबिकापुर में रात्रि विश्राम के बाद मंगलवार प्रात: दस पचास बजे सूरजपुर के सेवाकुंज पहुंचेंगे। यहां साढ़े ग्यारह बजे तक कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के बाद महामंत्री संजय डोसी के निवास होते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि सिंह के निवास शिवपुर होते खडग़वां प्रस्थान करेंगे।
ज्ञात हो कि प्रदेश में भाजपा सरकार के गठन के बाद कांग्रेस का जिला संगठन पिछले करीब दो वर्ष से लगभग निष्क्रिय हो चुका था। हाल ही में शशि सिंह के रूप में कांग्रेस को नया जिला अध्यक्ष मिलने के बाद कांग्रेस संगठन प्रदेश सरकार के खिलाफ सक्रिय हो गया है। जिसके बाद धरना प्रदर्शन सहित संगठन कार्यों में तेजी आ गई है। नए जिला अध्यक्ष के ताजपोशी के बाद पुराने धड़े के लोगों में नाराजगी की स्थिति है। आज कार्यकर्ता सम्मेलन में पुराना धड़ा शामिल होगा कि नहीं ये देखने वाली बात होगी।
फिलहाल, कांग्रेस जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में आज होने वाले कार्यकर्ता सम्मेलन के तैयारी जोरों से की जा रही है। कार्यकर्ता सम्मेलन में कितनी भीड़ होती है। कार्यक्रम कितना सफल हो पाता है, यह देखना खासा दिलचस्प रहेगा।


