सूरजपुर

गुड़ उद्योगों से 31 तक जानकारी तलब
26-Dec-2025 10:03 PM
गुड़ उद्योगों से 31 तक जानकारी तलब

कलेक्टर ने तय प्रारूप में विवरण देने के निर्देश दिए

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

प्रतापपुर, 26 दिसंबर। सूरजपुर जिले में संचालित गुड़ उद्योगों के संबंध में प्रशासन ने जानकारी एकत्र करने की प्रक्रिया शुरू की है। कलेक्टर सूरजपुर ने जिले के सभी गुड़ उद्योग संचालकों से शासन द्वारा निर्धारित प्रारूप में 31 दिसंबर तक विस्तृत जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। यह निर्देश हाल के दिनों में प्रकाशित खबरों के संज्ञान में आने के बाद जारी किए गए हैं।

प्रशासन द्वारा मांगी गई जानकारी के माध्यम से यह स्पष्ट होने की संभावना है कि जिले में संचालित गुड़ उद्योग शासन द्वारा तय नियमों और प्रक्रियाओं के अनुरूप कार्य कर रहे हैं या नहीं। इन उद्योगों से संबंधित प्रदूषण नियंत्रण, लाइसेंस, मंडी नियमों के पालन और किसानों से गन्ना खरीदी की प्रक्रिया को लेकर पूर्व में शिकायतें सामने आती रही हैं।

शक्कर कारखाने की स्थापना और गन्ना किसानों की स्थिति

क्षेत्र में शक्कर कारखाने की स्थापना से पहले भी किसान गन्ने की खेती करते थे। उस समय गुड़ उद्योगों द्वारा किसानों से गन्ना खरीदी की दर को लेकर असंतोष की स्थिति बनी रहती थी। किसानों की मांगों को ध्यान में रखते हुए तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में शक्कर कारखाने की स्थापना की गई। इसके बाद गन्ना किसानों को अपनी उपज के लिए एक संगठित बाजार उपलब्ध हुआ।

किसानों और जानकारों के अनुसार शक्कर कारखाने के संचालन से क्षेत्र में गन्ना फसल को स्थायित्व मिला है और किसानों को मूल्य प्राप्ति में सुविधा हुई है।

31 दिसंबर के बाद प्रशासनिक

कदमों पर निगाह

प्रशासन द्वारा जानकारी एकत्र करने की समय-सीमा 31 दिसंबर निर्धारित की गई है। इसके बाद शासन द्वारा आगे की कार्रवाई क्या होगी, इस पर संबंधित पक्षों की निगाहें टिकी हुई हैं। जानकारी के आधार पर नियमानुसार निर्णय लिए जाने की संभावना है।

बिना मंडी शुल्क गन्ना आपूर्ति की शिकायतें

जिले में कुछ किसानों और स्थानीय लोगों द्वारा यह शिकायत की गई है कि गन्ना खेतों से सीधे अन्य राज्यों में भेजा जा रहा है और इस प्रक्रिया में मंडी शुल्क का भुगतान नहीं किया जा रहा। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इससे शासन को राजस्व हानि हो रही है। प्रशासन द्वारा पूर्व में की गई सख्ती के दौरान किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य और अन्य प्रोत्साहन राशि मिलने की जानकारी भी सामने आई थी।

 कलेक्टर का शक्कर कारखाने का निरीक्षण

कलेक्टर सूरजपुर, जो वर्तमान में शक्कर कारखाने के प्रशासक भी हैं, ने हाल ही में कारखाने में गन्ना खरीदी व्यवस्था का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गन्ना यार्ड में मौजूद किसानों से चर्चा की, व्यवस्थाओं का जायजा लिया और गन्ना वाहन एंट्री रजिस्टर का अवलोकन किया। उन्होंने प्रबंधन को सीजन के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं बनाए रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के समय एसडीएम प्रतापपुर ललिता भगत, तहसीलदार चंद्रशीला जायसवाल, प्रबंध संचालक आकाशदीप पात्रे, सीसीडीओ प्रमोद चौहान, चीफ केमिस्ट मनोज पाड़ी, मुख्य अभियंता सुनील तिवारी सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट