सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 20 फरवरी। ग्राम पंचायत रामनगर एवं नयनपुर के पास रिहन्द नदी पर निर्मित मोहरा एनीकट को जल संसाधन विभाग ने दुर्घटना संभावित क्षेत्र घोषित कर दिया है। लगातार हो रही घटनाओं और अब तक कई लोगों की जान जाने के बाद विभाग ने यहां चेतावनी सूचना बोर्ड स्थापित कराया है।
विभाग द्वारा एनीकट के दोनों किनारों—ग्राम पंचायत रामनगर एवं नयनपुर—की ओर स्पष्ट चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं, ताकि क्षेत्र में आने वाले नागरिक एवं पर्यटक पहले से सतर्क रह सकें। एनीकट के ऊपर सेल्फी लेने तथा पानी में स्नान करने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है।
जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि एनीकट क्षेत्र में अचानक जलस्तर बढऩे और तेज बहाव की स्थिति बन जाती है, जो जानलेवा साबित हो सकती है। विशेष रूप से बच्चों और युवाओं को ऐसे स्थानों पर किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी गई है।
विभाग ने स्पष्ट किया कि रोमांच या फोटोग्राफी के उद्देश्य से एनीकट पर जाना गंभीर खतरा उत्पन्न कर सकता है। साथ ही जिलेवासियों से अपील की गई है कि वे स्वयं सतर्क रहें तथा अपने परिजनों और परिचितों को भी जागरूक करें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
स्थानीय प्रशासन ने भी नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा जताते हुए कहा है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आवश्यक कार्रवाई की जा सकती है।


