सूरजपुर
सूरजपुर, 21 फरवरी। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के विभिन्न चरणों के सफल संचालन के बाद अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर शुक्रवार को जिला संयुक्त कार्यालय के सभा कक्ष में निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन किया गया। यह अभियान 27 अक्टूबर 2025 से प्रारंभ हुआ था, जो चार माह तक चला।
इस अवसर पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी एस. जयवर्धन ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को अंतिम मतदाता सूची की प्रतियां नि:शुल्क उपलब्ध कराईं। प्रत्येक राजनीतिक दल को एक फोटोयुक्त हार्ड कॉपी तथा एक फोटोरहित सॉफ्ट कॉपी प्रदान की गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी एस. जयवर्धन ने एसआईआर अभियान में सहयोग देने के लिए जिलेवासियों का आभार व्यक्त किया। वहीं उप जिला निर्वाचन अधिकारी पुष्पेंद्र शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि अभियान के बाद जिले में कुल 6 लाख 75 हजार 186 मतदाता पंजीकृत हुए हैं। प्रारूप सूची के प्रकाशन के बाद अंतिम सूची में 9 हजार 682 मतदाताओं की वृद्धि दर्ज की गई है।
विधानसभा वार मतदाताओं
की स्थिति:
प्रेमनगर विधानसभा: 3,996 नए मतदाता जुड़े, कुल मतदाता 2,22,359
भटगांव विधानसभा: 3,871 नए मतदाता जुड़े, कुल मतदाता 2,26,744
प्रतापपुर विधानसभा: 4,781 नए मतदाता जुड़े, कुल मतदाता 2,26,083
निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है, जिससे आगामी चुनावों के लिए मतदाता सूची अद्यतन एवं पारदर्शी हो।


