सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 19 फरवरी। जिले के सूरजपुर थाना क्षेत्र के डेडरी गांव में मामूली विवाद के बाद पत्नी द्वारा पति की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने 55 वर्षीय महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार डेडरी गांव में पूर्व सांसद स्व. मुरारी लाल सिंह के खेत में बने मकान में रहकर काम करने वाले पन्ना राठिया का शव चार दिन पूर्व खून से लथपथ हालत में बरामद किया गया था। प्रारंभिक कार्रवाई के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के परिचितों एवं उसके साथ बतौर पत्नी रह रही मथुरा यादव से पूछताछ की। पूछताछ में महिला की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर कड़ाई से पूछताछ की गई, जिसमें उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी मथुरा यादव (55 वर्ष) निवासी बादपाली, थाना चक्रधर नगर जिला रायगढ़, करीब 17 वर्ष पूर्व अपने पति चैतराम यादव एवं चार बच्चों को छोडक़र डेडरी निवासी पन्ना राठिया के साथ रह रही थी। दोनों के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था।
बताया जा रहा है कि 15 फरवरी की रात खेत में पानी चलाने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जो मारपीट में बदल गया। आरोप है कि इसी दौरान महिला ने पास में रखे बांस के टुकड़े से पन्ना राठिया के सिर पर वार कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना दूसरे दिन मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मामले में आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत विवेचना कर रही है।


