सूरजपुर
लुचकी घाट अंबिकापुर बनी विजेता, सरगुजा फॉरेस्ट उपविजेता
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
प्रतापपुर, 16 दिसंबर। नगर के स्टेडियम ग्राउंड में स्वर्गीय त्रयंबक शरण सिंह की स्मृति में आयोजित संभाग स्तरीय नॉकआउट फुटबॉल प्रतियोगिता का रविवार को भव्य समापन हुआ। फाइनल मुकाबले में लुचकी घाट अंबिकापुर की टीम ने सरगुजा फॉरेस्ट को पेनाल्टी शूटआउट में पराजित कर खिताब अपने नाम किया।
6 दिसंबर से प्रारंभ हुई इस प्रतियोगिता में पूरे संभाग की 16 मजबूत टीमों ने भाग लिया। फाइनल मुकाबला अत्यंत रोमांचक रहा, जिसमें निर्धारित समय तक दोनों टीमें गोलरहित बराबरी पर रहीं। इसके बाद हुए पेनल्टी शूटआउट में लुचकी घाट अंबिकापुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।
प्रतियोगिता में मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार उजीत मरकाम को प्रदान किया गया। वहीं फाइनल के मैन ऑफ द मैच का खिताब साइमन एक्का को मिला। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए गोलकीपर सचिन को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। विजेता एवं उपविजेता टीमों को नगद पुरस्कार एवं आकर्षक ट्रॉफी प्रदान की गई।
मैच प्रारंभ होने से पूर्व खिलाडिय़ों ने ट्रॉफियों के साथ पूरे मैदान की परिक्रमा की। मंचासीन अतिथियों ने खिलाडिय़ों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर बगड़ा के लोकनृत्य दल द्वारा प्रस्तुत सैला नृत्य ने कार्यक्रम को सांस्कृतिक रंग प्रदान किया।
समापन समारोह में भाजपा मंडल अध्यक्ष मुकेश तायल, नगर पंचायत अध्यक्ष मानती योगेंद्र सिंह, उपाध्यक्ष अजीत शरण सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष अक्षय तिवारी, नवयुवक खेल समिति अध्यक्ष दीनानाथ गुप्ता, नवयुवक मंडल अध्यक्ष मोहन पांडे सहित अनेक जनप्रतिनिधि, खेल प्रेमी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन का सफल संचालन भैरव एकादश एवं अजीत शरण सिंह के नेतृत्व में किया गया।
महिला फुटबॉल का ऐतिहासिक आगाज
प्रतापपुर के मिनी स्टेडियम में पहली बार महिला फुटबॉल मैच का आयोजन कर इतिहास रचा गया। फाइनल से पूर्व शंकरगढ़ एवं बलसेढ़ी की महिला टीमों के बीच सद्भावना मैच खेला गया, जिसमें शंकरगढ़ की टीम विजयी रही। इस अवसर पर सभी महिला खिलाडिय़ों को सम्मानित किया गया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
पूर्व खिलाडिय़ों का सम्मान
समापन समारोह के दौरान प्रतापपुर क्षेत्र के नामचीन पूर्व फुटबॉल खिलाडिय़ों मोहन पांडे, दीनानाथ गुप्ता, डी.आर. तिग्गा, संतोष सिंह, रहीम खान, नंदलाल तिवारी, भोले देवांगन, परमेश्वर यादव, हरिलाल पैंकरा, जान मुहम्मद, शंभूनाथ गुप्ता, हयात खान, अनिल जायसवाल, अरविंद कश्यप, मनोज जायसवाल, शत्रुघ्न ठाकुर सहित अन्य खिलाडिय़ों को सम्मानित किया गया।
पूरे आयोजन ने न केवल क्षेत्रीय खेल प्रतिभाओं को मंच दिया, बल्कि प्रतापपुर में फुटबॉल के प्रति बढ़ते जुनून को भी नई दिशा प्रदान की।