सूरजपुर

विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत कार्यक्रम
05-Jun-2025 8:50 PM
विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत कार्यक्रम

कृषि मंत्री ने दी नकली खाद पर दी सख्त चेतावनी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

प्रतापपुर, 5 जून। छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी योजना ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ के तहत कृषि विभाग प्रतापपुर द्वारा मंडी प्रांगण में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि कृषि मंत्री रामविचार नेताम शामिल हुए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कलेक्टर सूरजपुर ने की। जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रमणि पैकरा, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष बलरामपुर पुष्पा सिंह नेताम, तथा भाजपा जिला उपाध्यक्ष सूरजपुर लाल संतोष सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत अतिथियों द्वारा कार्यक्रम स्थल और रेस्ट हाउस में वृक्षारोपण किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम में कृषि विभाग की उपसंचालक सुश्री पैकरा ने विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। कृषि अनुसंधान केंद्र के वैज्ञानिकों ने फसलों में लगने वाले कीटों और उनके उपचार की जानकारी साझा की।

कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने किसानों से सीधा संवाद कर फसलों की स्थिति, खेती से जुड़ी परेशानियां और गन्ना रकबा में कमी जैसे मुद्दों पर बात की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को हर स्तर पर सहयोग व मार्गदर्शन दिया जाए। मंत्री ने बताया कि आगामी शिविरों में उत्कृष्ट किसानों को सम्मानित किया जाएगा।

गन्ना भुगतान में देरी पर चिंता जताते हुए मंत्री ने कहा कि मां महामाया शक्कर फैक्ट्री से संबंधित मुद्दों पर मुख्यमंत्री से चर्चा कर जल्द समाधान निकाला जाएगा। इस दौरान किसानों को कृषि यंत्र, स्वायल हेल्थ कार्ड और पौधे वितरित किए गए।

नकली खाद बेचने वालों पर मंत्री की सख्त चेतावनी

कार्यक्रम के दौरान कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने खुले मंच से चेतावनी दी कि नकली खाद बनाने या बेचने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अगर नकली खाद बाज़ार में पाई गई और इसकी जानकारी पत्रकारों के माध्यम से मिली, तो संबंधित अधिकारियों पर भी कार्रवाई होगी।


अन्य पोस्ट