सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिश्रामपुर, 12 मई। हॉकी छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष फिऱोज़ अंसारी के नगर आगमन पर सूरजपुर हॉकी संघ के पदाधिकारियों ने उनका भव्य स्वागत किया। वे हॉकी सूरजपुर की वार्षिक बैठक की अध्यक्षता करने यहाँ पहुंचे थे। अध्यक्ष फिऱोज़ अंसारी ने सूरजपुर हॉकी को छत्तीसगढ़ हॉकी से संबद्धता का प्रमाण पत्र प्रदान किया।
ज्ञात हो कि हॉकी सूरजपुर संघ लंबे समय से हॉकी छत्तीसगढ़ से संबद्धता के लिए प्रयासरत था।
बैठक में सर्वसम्मति से हॉकी सूरजपुर का संरक्षक अनुपम फिलिप को मनोनित किया गया। बैठक में सरगुजा संभाग स्तरीय महिला एवं पुरुष हॉकी प्रतियोगिता में जिले की भागीदारी और जिम्मेदारी पर विस्तृत चर्चा की गई।
इस दौरान हॉकी छत्तीसगढ़ अध्यक्ष फिऱोज़ अंसारी ने कहा कि संबद्धता से खिलाडिय़ों को देश-विदेश में मंच मिलेगा। वे सीधे हॉकी इंडिया से जुड़ सकेंगे। हॉकी स्टेडियम के निर्माण, रख-रखाव, खेल सामग्री सहित अन्य मैदानी, तकनीकी और वित्तीय सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाती है। संबद्धता से जुड़े कड़े नियम और संचालन के विषय में भी जानकारी प्रदान दी।
सूरजपुर हॉकी संघ के अध्यक्ष एंथ्रेक्स एक्का ने कहा कि आज जिले में हॉकी के लिए सबसे बड़ा दिन है। संबद्धता मिलने से खिलाडिय़ों में अपने सुनहरे भविष्य को लेकर विश्वास उत्पन्न हुआ है। हम राष्ट्रीय खेल हॉकी को जिले में भी गरिमापूर्ण बनाने को प्रतिबद्ध है।
हॉकी सूरजपुर के सचिव नार्बट तिर्की ने बताया कि सभी खिलाड़ी हॉकी सूरजपुर में अपना पंजीयन करा सकते है। पंजीकृत खिलाडिय़ों को वुडेन हॉकी स्टिक उपलब्ध कराया जाएगा। बच्चों के लिए नि:शुल्क हॉकी समर कैंप लगाया जाना है। शासकीय महाविद्यालय बिश्रामपुर के समीप एसईसीएल हॉकी ग्राउंड में प्रात: अभ्यास प्रारंभ कर दिया गया है।
इस दौरान संरक्षक अनुपम फिलिप, अध्यक्ष एंथ्रेक्स एक्का, सचिव नार्बट तिर्की, कोषाध्यक्ष दीपक खाखा, पूर्व खिलाड़ी महताब आलम, प्रभात रंजन सिन्हा, धर्मेंद्र सिंह डीके, वीरेंद्र मिश्रा, क्रिकेट संघ के सुरेशन स्वाईं, शशि नान्हू, कमल मंडल, सज्जी उमर फुटबॉल संघ के रामबहादुर लामा, रामधारी राजवाड़े, भुवन रजक सहित नरेश तिर्की, हाबिल लकड़ा, राजेश मिंज,स्टीफन कुजूर, सुनील मिंज, संदीप कुमार, अनीश कुमार, डेनिश मिंज, विशाल मिंज सहित बड़ी संख्या में हॉकी संघ के पदाधिकारी उपस्थित रहे।


