सूरजपुर

शिक्षक सम्मान व संगठन का सदस्यता महापर्व
06-Sep-2024 8:11 PM
शिक्षक सम्मान व संगठन का सदस्यता महापर्व

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भटगांव, 6 सितंबर। भाजपा मंडल भटगांव द्वारा शिक्षक सम्मान एवं संगठन का सदस्यता महापर्व का आयोजन स्थानीय सामुदायिक भवन में पूर्व गृहमंत्री रामसेवक पैंकरा के मुख्य आतिथ्य, मण्डल अध्यक्ष सुभाष राजवाड़े के अध्यक्षता एवं जिला मंत्री भाजपा अशोक सिंह के विशिष्ट आतिथ्य में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के प्रथम सत्र में नगरीय क्षेत्र के 40 वरिष्ठ शिक्षकों को अंग वस्त्र शाल एवं श्रीफल से मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया। देश के द्वितीय राष्ट्रपति डॉ.सर्वपल्ली राधाकृष्णन के सम्मान में प्रत्येक वर्ष 5 सितम्बर को शिक्षक दिवस मनाया जाता है। भाजपा द्वारा आयोजित इस सम्मान कार्यक्रम के लिए उपस्थित शिक्षकों ने भूरी-भूरी प्रशंसा किया और इसे समाज हित एवं शिक्षा के क्षेत्र में अलख जगाने का एक विशेष पहल बताया।

सम्मानित शिक्षकों में प्राचार्य शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भटगांव पी आर तोमर,गोबर्धन सिंह प्राचार्य आत्मानंद विद्यालय बत्तरा,अजित सिंह डीएवी भटगांव,पंकज रॉय, विजय गुप्ता शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भटगांव ने अपने अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन पूर्व वरिष्ठ अतिथि व्याख्याता एवं जिला मंत्री भाजपा अशोक सिंह ने किया। मुख्य अतिथि पूर्व गृहमंत्री राम सेवक पैंकरा ने आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के दूसरे सत्र में संगठन के महापर्व सदस्यता अभियान का शुभारम्भ भारत माता, डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के छायाचित्र पर पूजा-अर्चना कर किया गया। स्वागत भाषण मंडल अध्यक्ष सुभाष राजवाड़े ने दिया। संगठन द्वारा दिए गए लक्ष्य प्रत्येक मतदान केंद्र में कम से कम 200 प्राथमिक सदस्य बनाने एवं अन्य कार्यों के संबंध में मुख्य अतिथि राम सेवक पैंकरा ने विस्तार से समझाया।

विधानसभा सदस्यता प्रभारी एवं जिला मंत्री अशोक सिंह ने मण्डल सदस्यता टीम,शक्ति केंद्र टोली,बूथ टोली के निर्माण एवं उनके कार्यों के संबंध में विस्तार से बताया। कार्यक्रम का संचालन मंडल महामंत्री रमेश गुप्ता ने एवं आभार प्रदर्शन मण्डल सदस्यता प्रभारी जगरेलाल यादव ने किया।


अन्य पोस्ट