सूरजपुर
विधायक की मांग पर दाल भात सेंटर, महिलाओं के लिए सिलाई सेंटर व नेत्र शिविर लगाने की घोषणा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 25 जनवरी। श्रम कल्याण मण्डल द्वारा मंगलवार को सूरजपुर जिला के औद्योगिक क्षेत्र गिरवरगंज के हाईस्कूल ग्राउण्ड में श्रमिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में हजारों श्रमिकों को संबोधित करते हुए श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष शफी अहमद ने कहा कि श्रमिक आवश्यक रूप से अपना पंजीयन करा लें, तभी श्रम कल्याण मंडल की 13 योजनाओं का लाभ मिल पाएगा। श्रमिकों का पंजीयन कराने की जिम्मेदारी संस्थान की है। अगर उनके द्वारा पंजीयन नहीं कराया जाता है तो इसकी शिकायत टोल फ्री नंबर पर दर्ज कराएं।
श्रमिकों का पंजीयन न सिर्फ कानूनी बल्कि नैतिक दायित्व है। एक सौ बीस रुपये के प्रति श्रमिक के अभिदाय से श्रमिक राज सरकार की योजनाओं का लाभ उठा सकते हंै। उन्होंने कहा कि मण्डल से जुडक़र श्रमिक न्यूनतम श्रम मूल्य के साथ-साथ अपने पुत्र-पुत्रियों के लिए तीन से तीस हजार तक छात्रवृत्ति का लाभ ले सकते हैं। उन्होंने ज्यादा से ज्यादा श्रमिकों से पंजीयन कराने का आग्रह किया।

कार्यक्रम में श्रमिकों के हित एवं उनके अधिकारों के बारे में और भी बहुत सारी जानकारी साझा की गई। साथ ही श्रमिकों के हित में बनाए गए कानून एवं अधिनियमों से उनको अवगत कराया गया।
सम्मेलन को प्रेमनगर विधायक खेलसाय सिंह ने संबोधित करते हुए कहा कि पहली बार हमारे विधानसभा क्षेत्र में श्रमिकों की समस्याओं से अवगत होने व उसका निराकरण करने श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष शफी अहमद आए हैं। विधायक खेलसाय ने श्रम कल्याण मंडल की प्रशंसा करते हुए श्रमिकों की समस्या सुनने आने पर अध्यक्ष सफी अहमद का आभार जताया।
विधायक के मांग पर श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष शफी अहमद ने गिरवरगंज औद्योगिक परिक्षेत्र में शहीद वीर नारायण सिंह अन्न योजना के तहत गर्म और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने दाल भात केंद्र खोलने, महिलाओं के लिए सिलाई सेंटर और श्रमिक तथा उनके परिजनों हेतु नेत्र शिविर लगाने की घोषणा की। मंडल अध्यक्ष शफी अहमद ने जल्द ही श्रमिकों के लिए खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित करने की बात कही है।
उन्होंने गिरवरगंज औद्योगिक परिक्षेत्र में सामुदायिक भवन और उचित मूल्य की राशन दुकान के लिए भवन की मांग क्षेत्रीय विधायक तथा सरगुजा विकास प्राधिकरण अध्यक्ष खेल साय के समक्ष रखा। श्री सिंह ने तत्काल सामुदायिक भवन के लिए दस लाख और पीडीएस भवन के लिए सात लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने मंडल द्वारा चलाए जा रहे श्रमिक हितैषी कार्यक्रम की जमकर सराहना की।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला कांग्रेस अध्यक्ष भगवती राजवाड़े, जिला पंचायत उपाध्यक्षनरेश राजवाड़े, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अश्विनी सिंह, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष रामकृष्ण ओझा सहित अन्य वक्ताओं ने अपना उद्बोधन दिया।
इस दौरान मुख्य रूप से वरिष्ठ कांग्रेस नेता रमेश दनोदिया, जिला कांग्रेस महामंत्री मनोज डालमिया, रामचन्द्र यादव, जिला पंचायत सदस्य उषा सिंह, अनुपम फिलिप, प्रदेश कांग्रेस सदस्य जफर हैदर, आनंद कुंवर आशीष यादव, जगलाल सिंह, बिहारी लाल कुलदीप, संजय डोसी, नरसिंह नारायण, चंदन सिंह अविनाश यादव, आकाश साहू नैतिक अग्रवाल, अनुराग डालमिया संतोष गुप्ता, नवीन अग्रवाल, जाकेश राजवाड़े, विजय राजवाड़े सहित अन्य लोग उपस्थित थे।


