सारंगढ़-बिलाईगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सारंगढ़, 19 मई। सरिया पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ गांजा तस्करी के आरोप में 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है। आरोपी ओडिशा के कंधमाल से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश (फतेहपुर) जा रहे थे।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद कार (हुंडई ऑरा) में गांजा ले जाया जा रहा है और उसके आगे एक लाल कार (हुंडई आई-10) एस्कॉर्ट (पेट्रोलिंग) कर रही है। थाना प्रभारी एन.एल. राठिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सरिया मुख्य मार्ग पर घेराबंदी की। तलाशी लेने पर ऑरा कार की डिक्की और सीट से 25 पैकेट गांजा बरामद हुआ। आरोपियों के पास इस संबंध में कोई वैध दस्तावेज नहीं थे। जब्त गांजा की अनुमानित कीमत 5 लाख रुपये है। साथ ही हुंडई ऑरा कार (क्रमांक यूपी-71 बीजे-6017) और हुंडई आई-10 कार (क्रमांक ओआर-05 एएल-0467) और 6 स्मार्ट मोबाइल भी जब्त किया गया।
गिरफ्तार 6 आरोपियों में लिपुन साहू , पंचानन बेहरा, चन्द्रकांत मलिक, लिट्टू बेहरा चारों निवासी कंधमाल, ओडिशा), मोहम्मद आजम, रंगनाथ कोरी दोनों निवासी, उत्तर प्रदेश हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएसएक्ट की धारा 20 (बी) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


