सारंगढ़-बिलाईगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सारंगढ़, 15 मई। जिला पंचायत सभापति एवं भाजपा नेत्री संतोषी अरविंद खटकर ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा संसाधनों के संयमित उपयोग और आत्मनिर्भरता पर दिए गए संदेश को लोगों को गंभीरता से लेना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने नागरिकों से अनावश्यक खरीदारी से बचने, खाद्य तेल के सीमित उपयोग तथा आवश्यकता होने पर ही डीजल-पेट्रोल से चलने वाले वाहनों का उपयोग करने की अपील की है। साथ ही खेती में रासायनिक खाद के स्थान पर प्राकृतिक और जैविक खाद के उपयोग को बढ़ावा देने की बात कही है।
संतोषी खटकर ने कहा कि वैश्विक स्तर पर चल रहे भू-राजनीतिक तनाव और आर्थिक परिस्थितियों का असर कई देशों पर दिखाई दे रहा है। उनके अनुसार कई स्थानों पर ईंधन की कीमतों में वृद्धि और आपूर्ति संबंधी समस्याएं सामने आई हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा संसाधनों के संरक्षण, सादगी और स्वदेशी संसाधनों के उपयोग पर दिया गया जोर देश को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने की सोच का हिस्सा है।
संतोषी खटकर ने नागरिकों से अपील की कि वे बचत, सादगी और स्थानीय संसाधनों के उपयोग को अपनी दिनचर्या में शामिल करें।


