सारंगढ़-बिलाईगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सारंगढ़, 12 मई। बिलाईगढ़ नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक 10 स्थित रविदास मोहल्ला में 5 मई को मारपीट की घटना सामने आई है। पीडि़त परिवार ने ग्राम छपोरा के 15 से अधिक लोगों पर घर में घुसकर हमला करने का आरोप लगाया है।
थाना बिलाईगढ़ में दिए गए आवेदन के अनुसार अविनाश भूपति, शेषनारायण, राहुल हिरवानी, किशन हिरवानी, सूरज निराला, रघु हिरमानी, टीका निराला, गुड्डा हिरवानी, हरीश निराला सहित अन्य लोगों पर डंडा, पत्थर और अन्य वस्तुओं के साथ हमला करने का आरोप लगाया गया है।
पीडि़त परिवार का आरोप है कि हमलावरों ने घर में घुसकर गाली-गलौज की, मारपीट की और सामान में तोडफ़ोड़ की। आवेदन में महिलाओं और बच्चों के साथ मारपीट तथा धक्का-मुक्की का भी उल्लेख किया गया है।
घटना में अंश रत्नाकर के सिर में चोट आई है। एक अन्य बच्चे के हाथ की कलाई और उंगलियों में चोट लगने की जानकारी दी गई है।
सीएचसी बिलाईगढ़ में परीक्षण के दौरान अमित कुमार रत्नाकर के पैर की हड्डी में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई है। परिवार के अन्य सदस्यों का उपचार जारी है।
पीडि़त परिवार ने आरोप लगाया है कि घटना पूर्व नियोजित थी। उनका कहना है कि आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के दौरान कुछ आरोपियों को पकडक़र थाना ले जाने की बात भी सामने आई है। मामले में राजनीतिक हस्तक्षेप के आरोप भी लगाए गए हैं। हालांकि इस संबंध में पुलिस या प्रशासन की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


