सारंगढ़-बिलाईगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सारंगढ़, 6 मई। छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता टी.एस. सिंहदेव ने दो दिवसीय सारंगढ़ प्रवास के दौरान विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों से मुलाकात की।
दौरे के दौरान वे विधायक उत्तरी जांगड़े के गृह ग्राम मुड़वाभांठा पहुंचे, जहां विधायक ने अपने निवास पर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों से बातचीत की।
मुड़वाभांठा में टी.एस. सिंहदेव ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं की सक्रियता पर अपनी प्रतिक्रिया दी।
टी.एस. सिंहदेव ने महिला कार्यकर्ताओं की भागीदारी का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका योगदान संगठन के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट रहकर पार्टी को मजबूत करने की अपील की।
उन्होंने अपने संबोधन में यह भी कहा कि संगठन की मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण होती है और आने वाले समय में एकजुटता बनाए रखने की आवश्यकता है।
दौरे के दौरान वे कोसीर स्थित मां कुशलाई दाई मंदिर भी पहुंचे और दर्शन किए। इसके अलावा उन्होंने पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष सुनीता विष्णु चंद्रा के निवास पर भी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और संगठन से जुड़े विषयों पर चर्चा की।


