सारंगढ़-बिलाईगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सारंगढ़, 31 जनवरी। शासकीय उच्चतर विद्यालय हरदी में वार्षिक उत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय ने कहा कि पठन-पाठन के साथ-साथ सांस्कृतिक और शैक्षणिक गतिविधियाँ विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में सहायक होती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के समग्र विकास से जुड़े होते हैं।
कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे, प्राचार्य विभावरी सिंह ठाकूर तथा हितेश अजगल्ले भी उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रमों की सराहना की और विद्यालय प्रबंधन को आयोजन के लिए बधाई दी।
इस दौरान विद्यालय प्रबंधन द्वारा अतिरिक्त कक्षों की आवश्यकता की जानकारी दी गई। इस पर जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय ने कहा कि इस मांग को आगामी बजट में शामिल कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन के लिए आवश्यक बुनियादी सुविधाओं का सुदृढ़ होना जरूरी है।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने यह भी कहा कि वार्षिक उत्सव जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के विकास में सहायक होते हैं और इन्हें विद्यालय स्तर पर नियमित रूप से आयोजित किया जाना चाहिए।


