सारंगढ़-बिलाईगढ़

खर्री बड़े पंचायत में बोर खनन कार्यों को लेकर शिकायत, जांच की मांग
31-Jan-2026 8:05 PM
 खर्री बड़े पंचायत में बोर खनन कार्यों को लेकर शिकायत, जांच की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सारंगढ़, 31 जनवरी।
जनपद पंचायत सारंगढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत खर्री बड़े में वर्ष 2019-20 एवं 2020-21 के दौरान कराए गए बोर खनन एवं पंप स्थापना कार्यों को लेकर उपसरपंच, पंचगण एवं ग्रामीणों ने शिकायत दर्ज कराई है। इस संबंध में जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) को लिखित आवेदन सौंपकर जांच की मांग की गई है।
शिकायतकर्ताओं के अनुसार उक्त कार्य वर्तमान पंचवर्षीय कार्यकाल के प्रथम सम्मेलन दिनांक 03 मार्च 2025 से पूर्व कराए गए थे। उनका कहना है कि कार्यों की वास्तविक स्थिति और शासकीय अभिलेखों में दर्ज विवरणों के बीच अंतर हो सकता है, जिसकी जांच आवश्यक है।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि बोर खनन एवं पंप स्थापना से जुड़े कुछ प्राक्कलन बिना स्थल निरीक्षण और तकनीकी सत्यापन के तैयार किए गए। शिकायतकर्ताओं के अनुसार इससे शासकीय राशि के उपयोग को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने यह आरोप भी लगाया है कि कुछ बोर खनन एवं पंप स्थापना कार्य सार्वजनिक भूमि के स्थान पर निजी भूमि पर कराए गए। उनका कहना है कि जिन स्थलों पर कार्य हुआ है, वे पंचायत की सार्वजनिक संपत्ति के रूप में दर्ज नहीं हैं, इसके बावजूद वहां शासकीय राशि का उपयोग किया गया।
शिकायतकर्ताओं ने मांग की है कि— पूरे प्रकरण की जांच कराई जाए, जांच पूर्ण होने तक संबंधित कार्यों के भुगतान पर रोक लगाई जाए,जांच में दोष सिद्ध होने पर संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अन्य जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।
ग्रामीणों ने यह भी कहा है कि यदि मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं होती है तो वे कलेक्टर, जिला पंचायत एवं अन्य उच्च अधिकारियों को शिकायत प्रस्तुत करेंगे।


अन्य पोस्ट