सारंगढ़-बिलाईगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सारंगढ़, 31 जनवरी। ग्राम दहीदा एवं सिंघनपुर में परम पूज्य बाबा गुरु घासीदास की जयंती के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सारंगढ़ विधायक उत्तरी जांगड़े शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने जैतखाम में पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों के कल्याण की कामना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक उत्तरी जांगड़े ने कहा कि समाज में समानता, अधिकार और सम्मान की भावना को मजबूती देने में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर का योगदान महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए, क्योंकि शिक्षा समाज को आगे बढ़ाने का माध्यम है।
उन्होंने बाबा गुरु घासीदास जी के ‘मनखे-मनखे एक समान ’ के संदेश का उल्लेख करते हुए सामाजिक समरसता बनाए रखने की अपील की। साथ ही नशापान से दूर रहने का आग्रह करते हुए कहा कि नशा सामाजिक विकास में बाधा बनता है।
विधायक ने सडक़ सुरक्षा को लेकर भी लोगों से सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि नई सडक़ों के निर्माण के बाद दुर्घटनाओं की संख्या में वृद्धि हुई है, इसलिए वाहन चालकों को सतर्क रहना चाहिए।
कार्यक्रम में पूर्व भीम आर्मी प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार जांगड़े ने भी संबोधन दिया। उन्होंने संविधान की प्रस्तावना का वाचन कर उपस्थित लोगों को संकल्प दिलाया तथा डॉ. भीमराव अंबेडकर और बाबा गुरु घासीदास जी के जीवन व संदेशों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि गणपत जांगड़े, पूर्व जिला पंचायत सदस्य नंदनी वर्मा, दहीदा सरपंच सहसराम, पूर्व जनपद सदस्य छेदुराम साहू, मुकेश भारद्वाज, पंकज खूंटे, सिंघनपुर सरपंच ममता हिजयाआनंद किशोर वर्मा, पूर्व जनपद सदस्य अशोक वर्मा, मालिक राम सहित आयोजन समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


