सारंगढ़-बिलाईगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 13 दिसंबर। नगर पंचायत पवनी में अध्यक्ष निधि और पार्षद निधि से लगभग 30 लाख रुपये आहरित किए जाने के बाद विकास कार्य न होने का आरोप लगाते हुए पवनी निवासी झुमुक लाल साहू ने अनुविभागीय अधिकारी बिलाईगढ़ को शिकायत सौंपी है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, यह राशि चार से पाँच माह पूर्व आहरित की गई थी, लेकिन अब तक नगर में किसी प्रकार का विकास कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है।
शिकायत में कहा गया है कि अध्यक्ष निधि का उपयोग नगर स्तरीय कार्यों के लिए और पार्षद निधि का उपयोग संबंधित वार्डों में विकास कार्यों के लिए किया जाना था। शिकायतकर्ता का कहना है कि न तो अध्यक्ष निधि से कोई कार्य कराया गया और न ही पार्षद निधि से किसी वार्ड में कार्य हुआ।
स्थानीय लोगों ने भी यह कहा है कि आहरित राशि के अनुरूप जमीनी स्तर पर कोई कार्य दिखाई नहीं देता।
झुमुक लाल साहू ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में उपलब्ध तथ्यों और दस्तावेजों को अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किया है। उनका कहना है कि यदि राशि पूर्व में निकाली गई है, तो उसके उपयोग से संबंधित जानकारी सार्वजनिक रूप से सामने आनी चाहिए।
अनुविभागीय अधिकारी ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए कहा है कि मामले की जांच कराई जाएगी। उनके अनुसार, जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि निधि का उपयोग किस प्रकार किया गया।
स्थानीय नागरिकों ने कहा है कि नगर में कई विकास कार्य लंबित हैं। उन्होंने मांग की है कि इस मामले की जांच कराकर, यदि नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाए।


