सारंगढ़-बिलाईगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सारंगढ़, 17 अगस्त। जिला भाजपा कार्यालय में भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी जी की पुण्यतिथि श्रद्धा और भावनाओं के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत उनके छायाचित्र पर धूप-दीप प्रज्वलित कर श्रद्धासुमन अर्पित करने से हुई।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष ज्योति पटेल, पूर्व जिला अध्यक्ष सुभाष जालान, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडे, वरिष्ठ भाजपा नेता जगन्नाथ बानी, जुगल बानी, भुवन मिश्रा, प्रदेश प्रवक्ता वेदराम, जिला प्रवक्ता अरविंद हरीप्रिया, प्रदेश मंत्री हरिनाथ खूटें, दुर्गा सिंह ठाकुर, अजय जवाहर नायक, परिमल चंद्रा, अमित अग्रवाल, टीकाराम पटेल सहित अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के प्रथम वक्ता प्रदेश प्रवक्ता वेदराम ने कहा -अटल बिहारी वाजपेयी जी भारत के पूर्व प्रधानमंत्री, महान कवि, प्रखर वक्ता और दूरदर्शी नेता थे। उनका जन्म 25 दिसंबर 1924 को ग्वालियर में हुआ था। वे भारतीय राजनीति के ऐसे व्यक्तित्व थे जिनके योगदान को सदैव श्रद्धा और सम्मान के साथ याद किया जाएगा। वरिष्ठ नेता जगन्नाथ केसरवानी ने कहा -अटल जी का जीवन सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित का प्रतीक था। राजनीति में उनकी सरलता और दूरदर्शी नेतृत्व ने देश को नई दिशा दी। वे आज भी हमारे हृदय में जीवित हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडे ने अपने उद्बोधन में कहा-अटल जी विपक्ष और पक्ष, दोनों के लिए समान रूप से सम्मानित नेता थे। पोखरण परमाणु परीक्षण, राष्ट्रीय राजमार्ग विकास योजना, शिक्षा एवं ग्रामीण विकास पर उनका विशेष जोर रहा। उन्होंने ही छत्तीसगढ़ को राज्य का दर्जा दिया। सत्ता उनके लिए साधन थी, साध्य नहीं।
पूर्व जिला अध्यक्ष सुभाष जालान ने कहा -अटल जी पहले ऐसे प्रधानमंत्री थे जिन्होंने संयुक्त राष्ट्र संघ में हिंदी में भाषण दिया। वे विरोधियों के बीच भी समान रूप से आदरणीय रहे। आज उनकी पुण्यतिथि पर हम संकल्प लें कि उनके आदर्शों को जीवन में उतारकर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान दें। जिला अध्यक्ष ज्योति पटेल ने कहा -अटल जी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि संवेदनशील कवि, प्रखर वक्ता और लोकतांत्रिक मूल्यों के रक्षक थे। उन्होंने गठबंधन सरकार को सफलता पूर्वक पांच वर्षों तक चलाकर भारतीय राजनीति को नई दिशा दी और भारत को परमाणु शक्ति संपन्न राष्ट्र के रूप में विश्व पटल पर स्थापित किया।
कार्यक्रम का संचालन मनोज जायसवाल ने किया और आभार प्रदर्शन निखिल केसरवानी ने किया।


