सारंगढ़-बिलाईगढ़

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सारंगढ़, 6 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर संकल्प पर्यावरण संरक्षण समिति द्वारा एक पेड़ माँ के नाम अभियान का शुभारंभ किया गया। समिति के अध्यक्ष राजीव सिंह ठाकुर ने इस अभियान की अगुवाई करते हुए पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर राजीव सिंह ठाकुर ने कहा, हम सभी देशवासियों को वृक्षों की रक्षा कर पर्यावरण की देखभाल करनी चाहिए, क्योंकि वृक्ष न केवल शुद्ध वातावरण प्रदान करते हैं, बल्कि हमारे जीवन को सुरक्षित और स्वस्थ बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि यदि हम अपनी जीवनशैली को सकारात्मक दिशा में बदलना चाहते हैं, तो पर्यावरण की सुरक्षा सबसे पहला कदम होना चाहिए।
राजीव सिंह ठाकुर ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस हर वर्ष 5 जून को मनाया जाता है। इसका उद्देश्य वैश्विक स्तर पर पर्यावरण के प्रति राजनीतिक और सामाजिक जागरूकता फैलाना है। उन्होंने जानकारी दी कि वर्ष 1972 में संयुक्त राष्ट्र द्वारा 5 जून से 16 जून तक आयोजित विश्व पर्यावरण सम्मेलन के दौरान इस दिवस को मनाने की घोषणा की गई थी।
अभियान के तहत समिति ने स्थानीय क्षेत्रों में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित किए और लोगों से अपील की कि वे भी अपने जीवन में कम से कम एक पौधा जरूर लगाएं और उसका पालन-पोषण करें।