सारंगढ़-बिलाईगढ़

आबकारी दफ्तर में भाजपा महिला मोर्चा की तालाबंदी
13-Sep-2023 9:00 PM
आबकारी दफ्तर में भाजपा महिला मोर्चा की तालाबंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सारंगढ़, 13 सितंबर। भारत माता चौक में भाजपा महिला मोर्चा सारंगढ़ बिलाईगढ़ इकाई के द्वारा जांजगीर में जहरीली शराब के कारण हुई 8 मौतों को लेकर आंदालन किया गया।

भाजपा महिला मोर्चा नेत्रियों द्वारा उद्बोधन दिया गया तो वहीं भूपेश सरकार पर जमकर हल्ला बोला गया। जिला स्तरीय आयोजित इस आंदोलन में जहां पर महिला मोर्चा की जिला कार्यकारिणी उपस्थित रही तो वहीं धरना प्रदर्शन के बाद आबकारी विभाग की ताला बंदी की गई। भाजपा के इस आंदोलन में दो सौ से अधिक भाजपा महिला मोर्चा के कार्यकर्ता शामिल हुए, तो पूर्व विधायक कामदा जोल्हे, पुर्व विधायक केराबाई मनहर ने वर्तमान विधायक उत्तरी जांगडे के खिलाफ जमकर मोर्चा खोला।

इसके अलावा आबकारी विभाग में भी तालाबंदी के दौरान महिला कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस की जमकर धक्का मुक्की हुई। दो सौ से अधिक की संख्या में आए हुए महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं के लिए पुलिस विभाग ने बेरिकेटिंग की थी और अल्प महिला पुलिस बल होने के कारण पुरूष पुलिस को तैनात किया गया था। तालाबंदी के दौरान महिला पुलिस बल नही होने और पुरूष बल की तैनाती के कारण कई बार वाद विवाद की स्थिति बनी। महज चार महिला पुलिस बल होने के कारण पुरूष पुलिस भी तैनात हो गए थे, जिससे भाजपा महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं में आक्रोश देखने को मिला। पुलिस के साथ जमकर हुई झुमाझटकी में महिला कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस की तीखी नोक झोंक भी हुई।

भारत माता चौक में धरना प्रदर्शन के दौरान महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष नंदनी वर्मा, पूर्व विधायक केराबाई मनहर, पुर्व विधायक कामदा जोल्हे, भटगांव से प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य लक्ष्मी साहू, युवा मोर्चा जिला कन्या संयोजिका टिया चौहान समेत अन्य महिला पदाधिकारी उपस्थित थे। धरना प्रदर्शन के दौरान पुर्व विधायक सुश्री कामदा जोल्हे ने स्थानीय विधायक उत्तरी जांगडे को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि इस सरकार में गांव गांव में शराब बिक रहा है। बुढ़ा बाप अपने जवान बेटे को कंधा दे रहा है। वर्तमान विधायक एक महिला होकर भी महिलाओं का दर्द नही समझ रही है। महिला वर्ग बहुत ज्यादा प्रताडि़त है।

पूर्व विधायक केरा बाई मनहर ने अपने उद्बोधन कहा कि पूरे कार्यकाल में एक भी हॉस्टल नहीं बना। नरवा गरूवा घुरूवा बारी भ्रष्टाचार का चार चिन्हारी बन चुका है। यह सरकार कोयला, चावल, रेत, शराब सभी में घोटाला कर रही है। भाजपा महिला मोर्चा जिला प्रभारी शीला तिवारी ने कहा कि यह सरकार शराब में पैसे उड़ा रही है। शराबबंदी का  वादा जो पूर्ण रूप से दिखावा था। कोरोना काल में जहां मोदी जी ने घर घर गांव गांव चावल भेजा, वैक्सीन लगाया तो वहीं कांग्रेस सरकार ने घर-घर शराब की होम डिलीवरी कराई।

भाजपाम मोर्चा जिलाध्यक्ष नंदनी वर्मा ने कांग्रेस सरकार को आड़े हाथों लिया। नंदनी वर्मा ने कहा कि 36 वायदों के साथ यह सरकार सत्ता में आयी थी। गंगा जल जैसे पवित्र जल को हाथ में लेकर शराबबंदी की कसम खायी थी, लेकिन आज पांच साल होने को आ गए, आज तक इस सरकार ने शराबबंदी नहीं की।


अन्य पोस्ट