सारंगढ़-बिलाईगढ़

श्रीकृष्ण-रुक्मणी विवाह आदर्श का प्रतीक है-पं.हलधर
31-Jul-2023 8:28 PM
श्रीकृष्ण-रुक्मणी विवाह आदर्श का प्रतीक है-पं.हलधर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सरसींवा, 31 जुलाई। भगवान श्रीकृष्ण एवं रूक्मणी का विवाह आदर्श का प्रतीक है। हमें धर्म के मार्ग पर चलने से ही मोक्ष की प्राप्ति होगी।

स्व.सीताराम परिवार डिंडौरी लोरमी द्वारा वृंदावन धाम में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में व्यास पीठ पर बिराजमान पं. हलधर प्रसाद शर्मा (पौराणिक ) कवर्धा ने अपनी ओजस्वी वाणी में कही।

पं. श्री शर्मा ने भगवान महारासलीला व रुक्मिणी विवाह का वर्णन किया। कथावाचक ने कहा कि गोपियों ने भगवान श्रीकृष्ण से उन्हें पति रूप में पाने की इच्छा प्रकट की। भगवान श्रीकृष्ण ने गोपियों की इस कामना को पूरी करने का वचन दिया। अपने वचन को पूरा करने के लिए भगवान ने महारास का आयोजन किया।

रुक्मिणी विवाह का वर्णन करते हुऐ पं. श्री शर्मा ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने रुकमणी की इच्छा को पूरी की। वे मन ही मन भगवान श्रीकृष्ण को अपना पति स्वीकार कर चुकी थी। इन दोनों का विवाह आदर्श विवाह का प्रतीक है। आज के युग में भगवान का विवाह पति-पत्नी में अटूट प्रेम का संदेश देता है। देवी रुक्मणी और श्रीकृष्ण के बीच प्रेम कैसे हुआ इसकी बड़ी अनोखी कहानी है जिसका विस्तार से कथा में वर्णन की।

इसी कहानी से प्रेम की नई परंपरा की शुरुआत भी हुई। श्रीकृष्ण रूक्मणी को हरण करके ले गए थे, फिर जाकर विवाह किए थे। रुक्मणी श्रीकृष्ण की पटरानी थी। मान्यता है कि रुक्मणी माता लक्ष्मी का अवतार थी। श्रीकृष्ण की पूजा से सुख मिलते हैं वहीं रुक्मणी की पूजा संपत्ति प्रदान करती है। आज धर्म के मार्ग पर चलने का समय आ गया है हम जब तक धर्म के मार्ग पर नहीं चलेंगे तब तक हम सबका मोक्ष उद्धार नहंीं है।

कथा के साथ-साथ भजन संगीत भी प्रस्तुत किया गया। संगीत मय कथा के दौरान जब महराज ने भजनों की बारिश की एवं भगवान श्रीकृष्ण एवं रूक्मणी का विवाह संपन्न हुआ तो पूरा पंडाल राधे-राधे के जयकारों और तालियों की गडग़ड़ाहट से गूँज उठा। इसके पूर्व कथा वाचक पं.श्री शर्मा ने कृष्ण जन्म एवं भगवान के बाल लीला पर कथा को आगे बढ़ाए।

आयोजन कर्ता संजय केशरवानी ने बताया कि बाके बिहारी के आशीर्वाद से वृन्दावन धाम में श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया गया है, जिसमें हमारे साथ आये पारिवारिक सदस्य रिश्तेदार एवं शुभचिंतक कथा का रसपान कर रहे हैं। यह आयोजन मानव सेवा संघ आश्रम मथुरा रोड वृन्दावन में आयोजित हो रहा है।


अन्य पोस्ट