सारंगढ़-बिलाईगढ़

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सारंगढ़, 23 फरवरी। जिला सारंगढ़ बिलाईगढ़ के भाजपाई डॉ. बांधी एवं जिलाध्यक्ष सुभाष जालान के नेतृत्व में प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभ आम जनता को दिलाने के लिए छग राज्य सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए विधायक निवास का घेराव कार्यक्रम का आयोजन किया।
घेराव पूर्व जवाहर भवन पर कार्यकर्ता एकत्र हुए जहां कांग्रेस सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए नारेबाजी,भाषणबाजी का कार्यक्रम आयोजित हुआ। पूर्व विधायक केराबाई मनहर ने कहा कि भाजपा की सरकार केंद्र में है, नरेंद्र मोदी ने संकल्प लिया कि हर गरीबों के सर पर छत हो मगर लाखों गरीबों के सपनों पर भूपेश सरकार ने पानी फेर दिया है। 2023 में कांग्रेस हटाने का और छग प्रदेश में डबल इंजन की सरकार के साथ प्रदेश का चौमुखी विकास का संकल्प लिया जाता है।
उन्होंने कहा कि मोदी ने गरीब की समस्या को महसूस किया उनके लिए पक्के मकान के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी महती योजना लाई, लेकिन राजनीतिक द्वेष की भावना से ग्रसित कांग्रेस पार्टी और उसके नेता गरीब का नुकसान कर रहे हैं। अवैध प्लांटिंग का खुला व्यापार हो रहा है। इन सभी गौररव धंधों को विधायक व कांग्रेसी नेताओं का सह प्राप्त है। पूर्व विधायक कामता जोल्हें ने कहा कि कांग्रेस की राज्य सरकार दुर्भावना पूर्वक छग में प्रधानमंत्री आवास योजना को बाधित करने का प्रयत्न कर रही है। लाखों गरीबों परिवारों की छत छीनने की दोषी कांग्रेस सरकार है। जो अपने हिस्से का 40 फीसदी राशी देने में आनाकानी कर रही है।
जिला भाजपा अध्यक्ष सुभाष जालान ने कहा कि छग की कांग्रेस सरकार ने गरीब, मजदूर, किसानों का हक मारकर उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना से वंचित कर रखा है। गरीबों की आवास को छीन कर राजनीति नहीं होती। उन्होंने बताया कि प्रधान मंत्री आवास में जो राज्यांश राज्य सरकार का होता है, उसको सरकार रोक कर रखा है, और जब ईडी के छापे पड़ते हैं तो मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार की पैरवी में लग जाते हैं।
विदित हो कि - भाजपाइयों को रोकने के लिए विधायक निवास के पास पुलिस द्वारा चाक-चौबंद प्रबंध किया गया था। 3 लेयर के ब्रैंरिकेटिंग की गई थी। 5 टी आई और डीएपी महेश कुंवर एसडीएम मोनिका वर्मा, तहसीलदार आयुष तिवारी विधायक निवास के पास मोर्चा संभाले हुए थे। भाजपाई रैली के शक्ल में भूपेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विधायक निवास से 200 मीटर पहले पहुंच गए। यहां पुलिस और भाजपाइयों के बीच झूमा झटकी हुई। वहीं भाजपा के कार्यकर्ता दौड़ कर बैरीकेटिंग को तोडऩे में सफल रहे। सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता को रोकने के लिए पुलिस विभाग असफल रही। भाजपा और पुलिस के बीच विवाद होने लगा। इसी दरमियान कांग्रेसी कार्यकर्ता और भाजपाई कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की का दृश्य दिखाई देने लगा भाजपा कार्यकर्ता को रोकने कांग्रेसी कार्यकर्ता की सक्रियता के चलते विधायक निवास के भीतर घुस नहीं पाए। भाजपा कार्यकर्ता वहां पर खड़े होकर नारेबाजी लगा रहे थे। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता ही मोदीजी मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए दिखे, जिसे वायरल हुई वीडियो में देखा जा सकता है।