सारंगढ़-बिलाईगढ़

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सारंगढ़, 17 जनवरी। भारत माता चौक में भाजपा द्वारा एकदिवसीय हल्ला बोल धरना प्रदर्शन का आयोजन किया गया। जिसमें जिला पदाधिकारी समेत प्रदेश के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। प्रदेश में चल रहे धर्मांतरण के खिलाफ प्रदेश भाजपा का यह प्रदेश व्यापी जिला स्तरीय हल्ला बोल कार्यक्रम था। उक्त धरना प्रदर्शन के पश्चात प्रदेश में लगाए गए रासुका की प्रतियां जलाकर भी विरोध किया गया।
रासुका पर जिला भाजपा ने कांग्रेस सरकार पर जमकर हल्ला बोला। धरना प्रदर्शन में आए हुए सारंगढ़ के सभी मंडलो व महामंत्रियों द्वारा सभा को संबोधित किया गया। तो वहीं जिला स्तर के पदाधिकारियों समेत प्रदेश पदाधिकारियों ने भी अपनी बात रखी। भाजपा जिलाध्यक्ष सुभाष जालान ने कहा कि प्रदेश सरकार की दोगली नीति के कारण धरना की जरूरत पड़ रही है। रासुका का दुरूपयोग किया जा रहा है और आदिवासियों को, आम जनता को प्रताडित किया जा रहा है।
भाजपा के दिग्गज नेता व प्रदेश के नेता जगन्नाथ पाणिग्राही ने कहा कि शासन के सुनियोजित षडयंत्र के तहत धर्मांतरण हो रहे हैं। विरोध करने पर आदिवासियों को जेल में डाल दिया जा रहा है। जब से कांग्रेस की सरकार आई है तब से धर्मांतरण की घटनाएं देखने को मिल रही हैं। पूर्व विधायक एवं पूर्व रायगढ़ जिलाध्यक्ष जवाहार नायक ने संबोधित करते हुए भूपेश सरकार को जमकर कोसा और अपनी बात रखी। जिला भाजपा के प्रवक्ता अरविंद हरिप्रिया ने भी प्रदेश सरकार को आड़े हाथों लेते हुए अवैध धर्मांतरण के खिलाफ अपना वक्तव्य दिया।
सभा को संबोधित करने वालों में मुख्य रूप से महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष नंदिनी वर्मा, मीरा धरम जोल्हे, दीनानाथ खुंटे, कमल सिदार, पूर्व विधायक केराबाई मनहर, देवेन्द्र खुंटे, मनोहर सरजाल, देवेन्द्र रात्रे, पुनीत राम चौहान, शिवम चंद्रा, रामकुमार थुरिया, राजा गुप्ता, देव कुमारी लहरे भी रहे।