राजनांदगांव
नांदगांव का तापमान 8 डिग्री
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 30 दिसंबर। दिसंबर का पूरा महीना शीतलहर की चपेटे में रहा। इस साल रिकार्डतोड़ ठंड पडऩे से लोगों को सालों बाद कड़ाके की सर्दी का सामना करना पड़ा। सेहत पसंद लोगों के लिए यह महीना काफी खुशगवार रहा। लोगों ने सर्द मौसम में अपने खानपान की इच्छाओं को भी पूरा किया। दिसंबर के महीने में पड़ रही रिकार्डतोड़ ठंडी के बीच पारा 2 डिग्री नीचे खिसक गया है। ऐसे में गुजरे 3 दिन में ठंड ने कड़ाके के असर से लोगों को हिलाकर रख दिया है। जिले में फिलहाल 8 डिग्री सेल्सियस तापमान है। यह अब तक का सबसे न्यूनतम पारा है। इस साल दिसंबर के महीने में ठंड ने व्यापक रूप से अपना प्रभाव को बनाए रखा।
बताया जा रहा है कि आने वाले दिनों में तापमान में बढ़ोत्तरी की संभावना नहीं है। मौसम विभाग ने जनवरी के पहले पखवाड़े तक ठंड के मिजाज को मौजूदा समय अनुसार स्थिर रहने की संभावना जाहिर की है। उत्तर भारत की हवाओं ने पूरे क्षेत्र को कोहरे से भी ढंका है। अलसुबह का वक्त कोहरे के लिए मुफीद रहता है। सुबह 10 बजे के बाद ही सडक़ों से कोहरा छंट रहा है।
कोहरे के कारण भी ठंड ने अपना प्रतिकूल रूप दिखाया है। बढ़ते ठंड के साथ ही लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित हुई है। लोगों को शाम ढ़लते ही अलाव का सहारा लेना पड़ रहा है। बाहरी इलाकों की स्थिति ठंड से असरकारक बन गई है। ग्रामीण इलाकों में आवाजाही काफी देर से शुरू हो रही है। सडक़ों का सन्नाटापन भी सुबह देर से टूट रहा है। दिसंबर में पड़ रही ठंड को हाल ही के वर्षों का सबसे प्रभावशाली माना जा रहा है। बहरहाल बढ़ते ठंड के साथ ही लोगों को सर्द मौसम से निपटने के लिए कई तरह का उपाय भी करना पड़ रहा है।


