राजनांदगांव
पुलिस ने परिजनों से संपर्क कर किया सुपुर्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 31 जनवरी। मुंगेली जिले से एक वृद्ध महिला गत 25-30 दिनों से भटकते हुए विभिन्न स्थानों पर दर-दर भटक रही थी। पुलिस ने सूचना पर उक्त महिला को ढूंढकर उसके परिजनों को सुपुर्द किया। वृद्ध महिला को सकुशल पाकर उनके परिजनों द्वारा राजनांदगांव पुलिस एवं संस्कारधानीवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
मिली जानकारी के अनुसार 28 जनवरी को रात्रि लगभग 11 बजे पेट्रोलिंग के दौरान थाना बसंतपुर की पेट्रोलिंग पार्टी को प्रभात नगर वार्ड निवासी एक व्यक्ति द्वारा मोबाइल के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि लगभग 74 वर्ष की एक वृद्ध महिला लालबाग सिंधी कॉलोनी रॉयल किड्स स्कूल के पास सडक़ किनारे अकेली अवस्था में लेटी हुई है। सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंचकर तस्दीक की गई, जहां एक वृद्ध महिला लालबाग/प्रभात नगर रोड पर अकेली अवस्था में पाई गई। पूछताछ करने पर महिला ने अपना नाम शीतला यादव 74 वर्ष निवासी ग्राम पथरिया जिला मुंगेली बताया। महिला ने बताया कि वह लगभग 25-30 दिनों से अपने घर से भटकते हुए यहां तक आ गई है।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक राजनंदगांव अंकिता शर्मा को अवगत कराकर आवश्यक दिशा-निर्देश प्राप्त कर स्थानीय वार्डवासियों एवं नगरवासियों के सहयोग से वृद्ध महिला की जानकारी सोशल मीडिया पर साझा की गई। जिसके माध्यम से महिला के परिजनों की पहचान हुई। इसके पश्चात महिला के भतीजे सुखलाल यादव से मोबाइल द्वारा संपर्क किया गया, जिन्होंने रात्रि होने के कारण तत्काल राजनांदगांव पहुंचने में असमर्थता जताई। इस दौरान वृद्ध महिला के लिए भोजन एवं आवास की समुचित व्यवस्था की गई तथा नगर निगम के आश्रय स्थल में सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराया गया। संपूर्ण घटनाक्रम की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराई गई। इधर 29 जनवरी को एसपी अंकिता शर्मा के मार्गदर्शन एवं निर्देशानुसार बसंतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू एवं स्थानीय गणमान्य नागरिकों के समक्ष वृद्ध महिला शीतला यादव को उनके भतीजे सुखलाल यादव के सुपुर्द किया गया। अपनी बुआ को सकुशल पाकर सुखलाल यादव एवं उनके परिजनों द्वारा राजनांदगांव पुलिस तथा स्थानीय संस्कारधानीवासियों की इस मानवीय पहल की सराहना करते पुलिस अधीक्षक के प्रति आभार व्यक्त किया गया।


