राजनांदगांव

सीमेंट फैक्ट्री खुलने का विरोध करते किसानों पर पुलिस ने बरसाई लाठी
07-Dec-2025 2:05 PM
सीमेंट फैक्ट्री खुलने का विरोध करते किसानों पर पुलिस ने बरसाई लाठी

10 किमी नांदगांव-कवर्धा मार्ग रहा जाम, छुईखदान क्षेत्र के 40 गांव के किसान विरोध पर उतरे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 7 दिसंबर।
खैरागढ़ जिले के छुईखदान इलाके के बुंदेली में प्रस्तावित एक सीमेंट फैक्ट्री और संडी में चूना-पत्थर खदान के विरोध में सैकड़ों किसान विरोध पर उतर आए।

शनिवार दोपहर बाद छुईखदान-गंडई क्षेत्र के 40 से ज्यादा गांवों के किसान ट्रैक्टरों में प्रदर्शन करने के लिए पहुंचे। उनका आरोप है कि इस परियोजना पर पुनर्विचार होना चाहिए। एक जानकारी के मुताबिक  400 से ज्यादा ट्रैक्टरों में किसान प्रदर्शन करने के लिए पहुंचे। जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थी। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने किसानों पर जमकर लाठी भी बरसाया। पुलिस के रवैये को लेकर किसान और आंदोलित हो गए। इस संबंध में खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के कलेक्टर इंद्रजीत चटवाल ने ‘छत्तीसगढ़’ से कहा कि किसानों की मांग एक ज्ञापन के रूप में मिली है। उस पर विचार किया जाएगा। शासन स्तर पर इसमें फैसला होगा।
मिली जानकारी के मुताबिक श्री सीमेंट कंपनी बुंदेली में एक फैक्ट्री के निर्माण की तैयारी में है। वहीं संडी गांव में चूना-पत्थर खदान खोलने को लेकर भी विरोध शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि सुबह से ग्रामीण आसपास एकजुट हुए। उसके बाद दोपहर होते तक 40 गांव के 10 हजार किसान प्रदर्शन करने के लिए टे्रक्टर और अन्य साधनों से पहुंचे।

बताया जा रहा है कि किसानों ने लगातार नारेबाजी कर अपना विरोध जताया। उधर छुईखदान से करीब आधा किमी दूर नारे  लगाते हुए किसान जब आगे बढ़ रहे थे, तब पुलिस से उनकी झड़प हो गई। किसानों ने सीधे तौर पर प्रोजेक्ट को खत्म करने की मांग की। छुईखदान पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर बेरिकेट्स लगाए थे। जब रैली आगे बढ़ रही थी तो पुलिस को बेरिकेट्स हटाना पड़ा।

इस बीच किसानों और पुलिस के साथ झूमाझटकी शुरू हो गई और थोड़ी देर में मामला झड़प तक पहुंच गया। तनाव के बीच किसान लगातार नारेबाजी करते प्रशासन को कोस रहे थे। दोपहर के बाद जब किसान एसडीएम कार्यालय पहुंचे तो उन्हेांने कलेक्टर से मौके पर आने की मांग की। कलेक्टर नहीं पहुंचे तो इससे भीड़ में आक्रोश फूट गया और धीरे-धीरे किसानों ने हाईवे को जाम कर दिया। इस बीच कुछ किसानों ने बेरिकेट्स को तोड़ दिया। वहीं पुलिस के साथ बहसबाजी चलती रही।
बताया जा रहा है कि फैक्ट्री लगाने के विरोध के पीछे किसानों का कहना है कि फसल पूरी तरह से चौपट हो जाएगी। बुंदेलीकला से लेकर अन्य गांव में 3 फसलें ली जाती है। सीमेंट प्लांट के खुलने से किसानों की पैदावार नष्ट होगी। बताया जा रहा है कि पूर्व विधायक गिरवर जंघेल, किसान नेता सुदेश टीकम और जनपद सभापति सुधीर गोलछा की अगुवाई में किसानों ने जमकर प्रदर्शन किया। पुलिस और किसानों के बीच हुई झड़प से इलाके में तनाव की स्थिति है।  
——————————-----------


अन्य पोस्ट