राजनांदगांव

जनता पर लाठीचार्ज साय सरकार की विफलता का प्रमाण- सिंहदेव
06-Dec-2025 3:52 PM
जनता पर लाठीचार्ज साय सरकार की विफलता का प्रमाण- सिंहदेव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 6 दिसंबर। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में पिछले दिनों पुलिस लाठीचार्ज की घटना साय सरकार की विफलता का एक सशक्त प्रमाण है। उन्होंने कहा कि जनता पर लाठी बरसाने की नौबत आना इस बात को सिद्ध कर रहा है कि प्रदेश सरकार सिर्फ डंडों के दम पर अपनी बात मनवाने पर अडिग है। उन्होंने कहा कि अंबिकापुर के उदयपुर और दुर्ग में हुए लाठीचार्ज की घटना निंदनीय है।  श्री सिंहदेव शुक्रवार देर शाम को एक निजी वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए राजनांदगांव पहुंचे थे। उनके स्वागत में कांग्रेसियों ने जमकर जिंदाबाद के नारे लगाए। शहर कांग्रेस अध्यक्ष जितेन्द्र मुदलियार  और पूर्व अध्यक्ष कुलबीर छाबड़ा समेत कई अन्य नेताओं ने सिंहदेव का स्वागत किया। सिंहदेव ने मीडिया से एक संक्षिप्त बातचीत में कहा कि साय सरकार की योजनाएं जमीनी स्तर पर असफल साबित हुई है। जिसका ताजा उदाहरण जमीन की रजिस्ट्री शुल्क में बेहिसाब वृद्धि और बिजली दरों में इजाफा शामिल है।

 

उन्होंने कहा कि अंबिकापुर के उदयपुर और दुर्ग में हुई लाठीचार्ज में पुलिस के सख्त रवैये और जनता को पहुंची चोट पर उन्होंने चिंता जाहिर की। एसआईआर पर भी उन्होंने सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि विपक्ष की ओर से एसआईआर के लिए मियाद बढ़ाने की मांग को केंद्र अनसुना कर रहा है। इससे स्पष्ट होता है कि एसआईआर में कई खामियां है।  स्वागत करने वालों में प्रमुख रूप से जिलाध्यक्ष विपिन यादव, आफताब आलम, सूर्यकांत जैन, नीरज कन्नौजे, चेतन भानुशाली, आसिफ अली समेत अन्य लोग शामिल थे।


अन्य पोस्ट