राजनांदगांव

जूतों का हार पहनाने के मामले में अब भी ग्रामीणों में आक्रोश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 7 जून। खैरागढ़ जिले के अवेली गांव में दो दिन पहले अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री व भारत रत्न स्व. अटल बिहारी बाजपेयी की प्रतिमा पर जूतों का हार पहनाने के मामले में अब भी ग्रामीणों में आक्रोश है। असामाजिक तत्वों ने स्व. बाजपेयी की प्रतिमा के साथ छेड़छाड़ भी की है। बाजपेयी के प्रति लोगों में आदर है। ऐसे में अज्ञात शरारती तत्वों की करतूत से अशांति फैलने का भी अंदेशा बढ़ गया है।
इधर पूर्व विधायक कोमल जंघेल ने उक्त घटना को लेकर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष किरण देव को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। साथ ही पुलिस अधीक्षक से तत्काल जांच कर दोषियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई करने की मांग की। पूर्व विधायक ने ग्रामीणों के साथ बैठक कर असामाजिक तत्वों के संबंध में पतासाजी की। बताया जा रहा है कि गांव में रात्रिकालीन कबड्डी प्रतियोगिता गुरुवार देर रात तक चली। इस दौरान किसी अज्ञात लोगों ने प्रतिमा पर जूते की माला पहनाने का एक अपमानजनक कृत्य किया। बताया जा रहा है कि इस घटनाक्रम को लेकर कांग्रेस के क्षेत्रीय नेताओं ने भी अफसोस जाहिर करते दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। खैरागढ़ के कांग्रेस नेता मनराखन देवांगन ने प्रशासन से महान विभूतियों की प्रतिमा से छेड़छाड़ और उनका अपमान करने के बढ़ते कृत्य पर रोक लगाने के लिए पुलिस और जिला प्रशासन से जल्द आरोपियों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। इस संबंध में पूर्व विधायक श्री जंघेल ने ‘छत्तीसगढ़’ से कहा कि इस घटना की जितनी निंदा की जाए कम है और यह लोगों की भावनाओं के लिए कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है। जंघेल ने प्रतिमा में नए फूल-माला अर्पित किया और उन्होंने ग्रामीणों से घटनाक्रम से जुड़ी जानकारी लेकर चर्चा की।