राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 1 फरवरी। सोशल मीडिया प्लेटफार्म में अश्लील वीडियो अपलोड करने वाले आरोपी को सोमनी पुलिस ने गिरफ्तार किया।
मिली जानकारी के अनुसार सीसीपीडब्लू योजनांतर्गत भारत सरकार गृह मंत्रालय के एनसीआरबी नई दिल्ली द्वारा सायबर पोर्टल के माध्यम से प्रेषित सायबर टिप लाइन सोशल मीडिया पर महिला एवं बच्चों से संबंधित किए जा रहे अपराधों की रोकथाम के लिए आरोपियों के विरूद्ध किए जा रहे कार्रवाई के तहत आरोपी तीर्थराज पांडे द्वारा सोशल मीडिया फेसबुक के माध्यम से अश्लील वीडियो अपलोड किया गया था, जिस पर थाना सोमनी में धारा 67(बी) आईटी एक्ट का अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया था। मामला पंजीबद्ध होने के बाद से ही आरोपी अपने सकुनत से फरार था, जिसे कई बार गिरफ्तारी का प्रयास किया गया था।
मामला गंभीर प्रवृत्ति का होने से एसपी अंकिता शर्मा के निर्देशन व एएसपी कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरो के पर्यवेक्षण में तकनीकी साधनों के प्रयोग से आरोपी का पता तलाश किया गया। आरोपी तीर्थराज पांडे को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर जुर्म करना स्वीकार किया। आरोपी से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन व सिम को जब्त कर विधिवत कार्रवाई कर आरोपी तीर्थराज पांडे 43 साल निवासी ग्राम लखनपुर उत्तरप्रदेश को गिरफतार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।


