राजनांदगांव

बोर्ड परीक्षा में टॉप करने वाले विद्यार्थी होंगे पुरस्कृत
01-Feb-2026 4:49 PM
बोर्ड परीक्षा में टॉप करने वाले विद्यार्थी होंगे पुरस्कृत

महापौर ने की घोषणा, प्रतिवर्ष मेधावी विद्यार्थी होंगे पुरस्कृत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 1 फरवरी।
भारत रत्न डॉ. बाबा साहब अम्बेडकर एवं भारत की प्रािम महिला अध्यापिका सावित्रीबाई फूले की स्मृति में क्रमश: 12वीं और 10वीं बोर्ड की प्रावीण्य सूची में राजनंादगांव जिला स्तर पर सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को अब प्रतिवर्ष पुरस्कृत किया जाएगा।  उक्ताशय की घोषणा महापौर मधुसूदन यादव एवं वरिष्ठ अध्यापक संतोष कुमार भालाधरे के साथ संयुक्त रूप से शनिवार सुबह  मोतीपुर स्थित अपने निज निवास पर विचार-विमर्श के बाद की है।

महापौर ने बताया है कि वर्तमान शिक्षा सत्र 2025-26 से जिले के मेधावी छात्रों को यह पुरस्कार देना प्रारंभ किया जाएगा। जिसमें 12वीं बोर्ड में जिले की प्रावीण्य सूची में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को भारतरत्न डॉ. बाबा साहब अम्बेडकर स्मृति पुरस्कार से पुरस्कृत किया जाएगा। जिसके अंतर्गत दस हजार रुपए का नगद पुरस्कार एवं स्मृति चिन्ह दिया जाएगा।
इसी प्रकार कक्षा 10वीं बोर्ड में जिले की प्रावीण्य सूची में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को भारत की प्रथम महिला अध्यापिका सावित्रीबाई फूले की पुण्य स्मृति में दस हजार रुपए का नगद पुरस्कार एवं स्मृति चिन्ह से पुरस्कृत किया जाएगा। उक्त पुरस्कार राशि संस्कारधानी के वरिष्ठ अध्यापक संतोष कुमार भालाधरे के सौजन्य से प्रतिवर्ष प्रदान की जाएगी और जिसे हर साल 15 अगस्त अथवा 26 जनवरी को राष्ट्रीय पर्व के दिन विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह  तथा महापौर मधुसूदन यादव के हाथों जिले के दो मेधावी छात्रों को प्रदान किया जाएगा। उक्त पुरस्कार राशि एवं स्मृति चिन्ह अगले 10 वर्षो तक सन् 2026 से 2035 तक लागातार सामाजिक कार्यकर्ता एवं अध्यापक श्री भालाधरे के सौजन्य से प्रदत्त होगा, जिसे राजनांदगांव के विधायक एवं महापौर के हाथों जिले के दो प्रतिभावान विद्यार्थियों को पुरस्कार स्वरूप दिया जाएगा। उक्त घोषणा करते महापौर  ने  बौद्ध समाज  के वरिष्ठ अध्यापक संतोष कुमार भालाधरे के इस कदम की प्रशंसा की।


अन्य पोस्ट