राजनांदगांव

बच्चों की पढ़ाई के लिए बनाए गए 24 जोन
01-Feb-2026 4:52 PM
बच्चों की पढ़ाई के लिए बनाए गए 24 जोन

पढ़ाई में कमजोर छात्रों के लिए अभिनव प्रयास
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 1 फरवरी।
राजनांदगांव जिले में पढ़ाई में कमजोर छात्र जिनका परीक्षा परिणाम अद्र्धवार्षिक  और प्री-बोर्ड में बेहतर नहीं रहा तथा जो एक विषय से अधिक विषय में अनुत्तीर्ण रहे, जो नियमित रूप से स्कूल नहीं आते रहे हैं, ऐसे छात्रों को लेकर जिला प्रशासन की ओर से एक कार्ययोजना तैयार की गई है।
इसी कड़ी में शनिवार से 4 दिन तक कलेक्टर जितेंद्र यादव के मार्गदर्शन में शिक्षकों की टीम द्वारा जिले के 24 स्थानों पर जोन बनाकर इन कमजोर छात्रों को परिणाम बेहतर करने की तैयारी कराई जा रही है। इसके सफल क्रियान्वयन के लिए जिला पंचायत सीईओ सुरूचि सिंह के निर्देशन में शिक्षा विभाग की टीम द्वारा निरंतर कार्य किया जा रहा है। जिला शिक्षा अधिकारी प्रवास कुमार सिंह बघेल ने बताया कि शिक्षकों की टीम द्वारा जिले के 24 स्थानों पर जोन बनाकर पढ़ाई में कमजोर छात्रों को परिणाम बेहतर करने की तैयारी कराई जा रही है।

उल्लेखनीय है कि गत् दिनों कलेक्टर जितेंद्र यादव द्वारा प्री बोर्ड के परिणामों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई थी। जिसमें कमजोर परीक्षा परिणाम को लेकर प्राचार्य के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। इसी कड़ी में जिला शिक्षा अधिकारी ने रणनीति बनाकर कार्ययोजना के साथ विशेषज्ञों की टीम की बैठकों द्वारा जिले के 24 स्थान पर जोन बनाकर बच्चों को पढ़ाई कराई जाएगी। कमजोर बच्चों को गणित, विज्ञान और अंग्रेजी जैसे कठिन विषयों में जिसमें ज्यादातर बच्चे फेल हुए हैं। उन विषयों की तैयारी  बेहतर तरीके से कराई जाएगी। जिसके अंतर्गत गत 5 वर्षों के प्रश्न पत्र, ब्लूप्रिंट पर आधारित प्रश्न एवं जिले द्वारा तैयार किया गया प्रश्न बैंक जिसमें परीक्षा में आने वाले प्रश्नों की श्रृंखला है इस पर आधारित तैयारी ही कराई जाएगी, ताकि बच्चों को पढ़ाई के लिए सही मार्गदर्शन मिल सके और जिले का परिणाम बेहतर हो सके।

जोन कोचिंग के लिए विकासखंड स्तर पर नोडल अधिकारी एवं मॉनिटरिंग हेतु टीम बनाई गई है। शिक्षा विभाग के ओआईसी डिप्टी कलेक्टर श्री विश्वास है। विकासखंड शिक्षा अधिकारी के नेतृत्व में टीम कार्य करेगी। इसके अतिरिक्त जिले से प्राचार्यों की टीम बनाई गई है, जिनके द्वारा भी अलग-अलग जोन में जाकर इस कोचिंग के निरीक्षण एवं कोचिंग में शामिल होने वाले बच्चे और उनके पालकों से तैयारी को लेकर बात की जाएगी। साथ ही जिले के अधिकारियों की टीम को भी  जोन कोचिंग के निरीक्षण की जिम्मेदारी दी गई है। कोचिंग के लिए बनाए गए 24 जोन में से 21 जोन में आज अध्यकोचिंग कार्य संपन्न कराया गया। 3 जोन में परीक्षा व्यापम द्वारा ली जा रही है, इस वजह से यहां पर कोचिंग का संचालन 2 फरवरी से किया जाएगा। कल 2281 विशेष छात्रों में से आज जोन कोचिंग में 1560 बच्चों की उपस्थिति रही। कुल 91 शिक्षकों ने कोचिंग का संचालन किया।


अन्य पोस्ट