राजनांदगांव
45 परीक्षा केंद्रों के लिए 21 हजार ने कराया था पंजीयन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 1 फरवरी। शिक्षक बनने के लिए रविवार को दो पालियों में अभ्यर्थियों ने कड़ी जांच के बाद परीक्षा दिलाई। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा छत्तीसगढ़ शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026 का आयोजन आज दो पालियों के लिए जिले में 45 केंद्र बनाए थे। उक्त परीक्षा के लिए 21 हजार परीक्षार्थियों ने पंजीयन कराया था। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में दो घंटे पहले आवश्यक दस्तावेज और निर्देशों के पालन के साथ प्रवेश दिया गया। वहीं परीक्षा में नकल प्रकरण पर रोक लगाने की दृष्टिकोण से अभ्यर्थियों के लिए घड़ी, जूते एवं आभूषण पहनने पर प्रतिबंध लगाया गया था। इसके अलावा परीक्षार्थियों से हल्के रंग के कपड़े पहनने के निर्देश जारी किए गए थे।
प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 9.30 बजे से दोपहर 12.15 बजे तक आयोजित की गई। वहीं दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 3 बजे से शाम 5.45 बजे तक आयोजित की गई। प्रथम पाली की परीक्षा के लिए 25 परीक्षा केंद्रों में कुल 8071 परीक्षार्थियों और द्वितीय पाली में 45 केंद्रों में 13 हजार 179 परीक्षार्थियों के शामिल होने के लिए बैठक व्यवस्था की गई थी।
उक्त दस्तावेज दिखाना था अनिवार्य
उक्त परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र के साथ मूल पहचान पत्र के रूप में आधार कार्ड, पैनकार्ड, ड्राईविंग लाईसेंस जैसे किसी एक फोटोयुक्त पहचान पत्र की मूल प्रति दिखाना पड़ा। इसके अलावा परीक्षार्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनना अनिवार्य था। वहीं काले, गहरे नीले, हरे, जामुनी, मैरून, गैंगली तथा डार्क चाकलेट रंग के कपड़ों पर प्रतिबंध लगाया गया था। वहीं फुटवियर में केवल चप्पल और कान में कोई आभूषण प्रतिबंध था। इसके अलावा किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, संचार उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, संचार उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, पर्स, पाउच, बेल्ट, टोपी आदि परीक्षा केंद्र में पूर्णत: वर्जित किया गया था।
खुशमिजाज दिखे अभ्यर्थी
प्रथम पाली की परीक्षा देकर निकलने वाले अभ्यर्थियों के चेहरे में मुस्कान झलक रही थी। वहीं कुछ अभ्यर्थियों के चेहरों में गंभीरता नजर आई। ऐसा माना जा सकता है कि जिन अभ्यर्थियों के चेहरे में मुस्कान झलक रही थी, वह प्रश्नों का बेहतर उत्तर देकर अधिक अंक मिलने की आस में मुस्कुरा रहे थे। वहीं जिनके चेहरे में गंभीरता दिखी, वह प्रश्नों को लेकर उलझे हो सकते हैं।


