राजनांदगांव

नांदगांव के डेढ़ दर्जन मंडल युवाओं के हवाले
24-Dec-2024 2:40 PM
नांदगांव के डेढ़ दर्जन मंडल युवाओं के हवाले

भाजपा ने कश्मकश के बाद जारी की सूची

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 24 दिसंबर।
राजनांदगांव जिले के डेढ़ दर्जन भाजपा मंडल को युवाओं के हवाले कर दिया गया है। काफी कश्मकश के बाद पार्टी ने 16 मंडलों में नए अध्यक्षों की ताजपोशी कर दी है। नवनिर्वाचित मंडल अध्यक्षों को उनकी सक्रियता और अनुभव के आधार पर मनोनीत किया गया है। 

बूथ स्तर पर चुनाव संपन्न होने के बाद मंडल अध्यक्ष की प्रक्रिया पिछले कुछ महीनों से लगातार चल रही थी। पार्टी ने युवाओं पर ही भरोसा किया है। पार्टी ने मंडल अध्यक्ष के लिए 45 साल की एक निश्चित उम्र तय कर दी थी। ऐसे में कई दावेदार पीछे हो गए थे। जिले में युवाओं को आगे लाने के उद्देश्य से भाजपा ने मंडल का मुखिया बनाया।  

मिली जानकारी के मुताबिक राजनांदगांव विधानसभा में 4 मंडल गठित किए गए थे। जिसमें राजनांदगांव दक्षिण मंडल में प्रशांत गुप्ता, उत्तर मंडल सुमित भाटिया, सुकुलदैहान मंडल अध्यक्ष मनोज साहू और सोमनी मंडल की कमान खिलेश्वर साहू को सौंपी गई है। 

डोंगरगढ़ ग्रामीण में अनिल सिन्हा, डोंगरगढ़ शहर में जसमीत बन्नोआना, ग्रामीण मंडल  तिलई में परदेशीराम सोनबोईर, घुमका में नरेन्द्र वर्मा अध्यक्ष मनोनीत किए गए हैं। 
इसी तरह डोंगरगांव विधानसभा क्षेत्र के डोंगरगांव में दीना पटेल, अर्जुनी मंडल भुवन साहू, तुमड़ीबोड़ मंडल में जगेश्वर यादव, मुसरा-मुरमुंदा मंडल में लक्ष्मीनारायण वर्मा और लालबहादुर नगर मंडल मनोज कांडे अध्यक्ष मनोनीत किए गए हैं। खुज्जी विधानसभा के छुरिया मंडल में कांता प्रसाद साहू, गैंदाटोला में खिलेश्वर साहू व कुमर्दा मंडल में हृदयराम देवांगन को अध्यक्ष का जिम्मा सौंपा गया है। 

बताया जा रहा है कि संगठन ने युवाओं को तवज्जो दी है, ताकि भविष्य में यही युवा पार्टी को मजबूती प्रदान करे। राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने के लिए संगठन ने युवाओं पर भरोसा किया है। उम्मीद की जा रही है कि युवा तुर्क अब संगठन को जमीनी स्तर पर और ताकतवर बनाने आगे रहेंगे।

हाथापाई की नौबत के बीच डोंगरगढ़ में जसमीत अध्यक्ष
मंडल अध्यक्ष के निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान डोंगरगढ़ में हाथापाई की भी नौबत आन पड़ी। काफी विरोध के बाद जसमीत बन्नोआना को शहर मंडल का अध्यक्ष चुना गया। इससे पहले पूर्व मंडल अध्यक्ष  प्रिंस कक्कड़ और अन्य कार्यकर्ताओं ने परिवारवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाते चुनावी प्रक्रिया को निरस्त करने की मांग की। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पार्टी में परिवारवाद को प्रश्रय देने का खेल किया गया। जिसके चलते वरिष्ठ भाजपा नेता सुरेन्द्रर सिंह बन्नोआना के सुपुत्र जसमीत बन्नोआना को अध्यक्ष बनाने का खेल किया गया।

बताया गया कि विरोध के बीच सुरेन्द्रर सिंह बन्नोआना ने पूर्व मोर्चा अध्यक्ष प्रिंस कक्कड़ को बाहर चले जाने कह दिया। मंडल के प्रभारी राजेन्द्र गोलछा की मौजूदगी में काफी गहमा-गहमी हुई। 

बताया जा रहा है कि सांसद प्रतिनिधि परविंदर सिंग मोन्टी, विरेन्द्र सोनी, साहू समाज के अध्यक्ष व युवा नेता विरेन्द्र साहू सहित अन्य लोगों ने अध्यक्ष पद की घोषणा का खुला विरोध किया। कार्यकर्ताओं के आक्रमक होने से वहां स्थिति खराब होने लगी। जसमीत सिंह को विरोध के बीच अध्यक्ष घोषित किया गया। कुल मिलाकर जसमीत के सामने डोंगरगढ़ में युवाओं को एकजुट कर संगठन चलाने की बड़ी चुनौती रहेगी।


अन्य पोस्ट